चोपड़ा की घटना पर राज्यपाल को कोई जानकारी नहीं दे रही बंगाल सरकार, आज मिलेंगे पीड़ित परिवार से

कोलकाता, 2 जुलाई (हि.स.)। चोपड़ा में प्रेमी युगल को सड़क पर गिराकर बांस के डंडे से पीटने की घटना में पश्चिम बंगाल सरकार ने राजभवन को कोई जानकारी नहीं दी है। राज्यपाल डॉक्टर सी वी आनंद बोस की ओर से इस मामले में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से विस्तृत रिपोर्ट मांगे जाने के बावजूद राज्य प्रशासन की ओर से कोई उत्तर नहीं आया है। मंगलवार को राजभवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज अपराह्न के समय राज्यपाल पीड़ित परिवार से मिलेंगे।

बोस फिलहाल नयी दिल्ली में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य प्रशासन चोपड़ा के उनके दौरे को रोकने का प्रयास कर रहा है। राजभवन के अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल चोपड़ा से लौट कर सीधे दिल्ली जा सकते हैं और घटना पर केंद्र सरकार को रिपोर्ट सौंप सकते हैं।

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा में एक जोड़े को सरेआम डंडे से पीटने की घटना पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से सोमवार को एक रिपोर्ट मांगी थी। अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल इस घटना से स्तब्ध हैं तथा उन्होंने इसे बर्बर बताया है। अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्होंने घटना की निंदा की है और मुख्यमंत्री बनर्जी से फौरन एक रिपोर्ट मांगी है।’’

शुक्रवार को हुई इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक होने पर व्यापक जनाक्रोश के बाद पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज किया।

वीडियो में जोड़े की बांस के एक डंडे से पिटायी करते हुए दिखायी दे रहे व्यक्ति की पहचान ताजमुल उर्फ जेसीबी के रूप में की गयी है। वह स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित लड़के और लड़की के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध थे जिसके कारण उन्हें एक कंगारू कोर्ट (पंचायत) के निर्देश पर सरेआम पीटा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश

   

सम्बंधित खबर