सड़क दुर्घटना पीड़ितों के आश्रितों को प्रशासन उपलब्ध करा रहा रोजगार

नैनीताल, 2 जुलाई (हि.स.)। विकास खण्ड ओखलकांडा के छीड़ाखान-डालकन्या में विगत वर्ष 17 नवंबर 2023 को एक सड़क दुर्घटना में मारे गए 10 लोगों के आश्रितों को प्रशासन रोजगार उपलब्ध करा रही है।

जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी ने मंगलवार को बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में क्षेत्र के ग्राम विकास विभाग के अधिकारियों ने मृतकों के घर पहुंच कर सर्वे किया। इस सर्वे में अधिकारियों ने दुर्घटना के पीड़ितों के आश्रितों से स्वरोजगार योजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी जुटाई थी। इस दौरान आश्रितों ने मत्स्य पालन, पशुपालन, बकरी पालन व मुर्गी पालन आदि योजनाओं के लिए अनुदान का अनुरोध किया है। इस आधार पर आश्रित परिवारों को सम्बन्धित विभागों ने अनुदान हस्तान्तरित करना प्रारम्भ कर दिया है।

गोस्वामी ने बताया कि आश्रित रमेश चंद्र को मत्स्य पालन के लिए टैंक का निर्माण, पून चंद्र और कुंवर सिंह के घर पर बकरी पालन का कार्य प्रगति पर हैं। इसी तरह अनीता देवी, मुन्नी देवी और तुलसी देवी के घर पर मत्स्य पालन के लिए टैंक का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही कार्य पूर्ण कर मृतक आश्रितों को मत्स्य, पशु पालन, बकरी पालन तथा मुर्गी पालन से रोजगार देकर परिवार की आर्थिकी को मजबूत किया जायेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. नवीन जोशी/सुनील

   

सम्बंधित खबर