91 अनुदेशकों को पदोन्नति की सौगात

देहरादून, 02 जुलाई (हि.स.)। राज्य कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के प्रशिक्षण प्रखण्ड के अन्तर्गत 91 अनुदेशकों को पदोन्नति की सौगात दी गई है। इन सभी कार्मिकों को फौरमैन अनुदेशक (कार्यदेशक) के पद पर पदोन्नत किया गया है।

कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि समय-समय पर आयोजित समीक्षा बैठकों में विभाग के अन्तर्गत सभी संवर्गों के पात्र कार्मिकों को पदोन्नत किए जाने के सम्बन्ध में विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये गये थे। इस क्रम में उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार की ओर से उपलब्ध करायी गई चयन संस्तुति के आधार पर शासन द्वारा डीपीसी के माध्यम से 91 अनुदेशकों का चयन पदोन्नति के लिए किया गया है। इन सभी पात्र अनुदेशकों को फौरमैन (कार्यदेशक) के पद पर पदोन्नति प्रस्ताव पर अनुमोदन प्रदान कर दिया गया है, जिनको शीघ्र तैनाती दे दी जायेगी।

इसके अतिरिक्त विभागीय मंत्री बहुगुणा ने विभागीय अधिकारियों को सभी संवर्गों के पात्र कार्मिकों की समय पर डीपीसी के माध्यम से पदान्नति के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिये ताकि कोई भी पात्र कार्मिक पदोन्नति से वंचित न रहे और उन्हें समय पर पदोन्नति का लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर