अगले पांच दिनों के मध्य हल्के बादल छाए रहने से 3 जुलाई को स्थानीय स्तर पर मध्यम वर्षा के आसार

कानपुर,03 जुलाई(हि.स.)। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के कारण 3 जुलाई के मध्य तेज हवाओं एवं गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। यह जानकारी बुधवार को चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ.एस.एन.सुनील पांडेय ने दी।

उन्होंने बताया कि कानपुर में बुधवार दिन का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि सापेक्षिक आर्द्रता की बात की जाए तो अधिकतम 81 फीसदी और न्यूनतम 79 प्रतिशत रही। हवा की औसत गति 6.7 किलोमीटर प्रति घंटा रही और हवा की दिशा उत्तर पश्चिम थी। 3.4 मिलीमीटर वर्षा का रिकॉर्ड दर्ज किया।

देश भर में मौसम प्रणाली

डॉ.पांडेय ने बताया कि मानसून की अक्षय रेखा समुद्र तल से फिरोजपुर, रोहतक, हरदोई, बलिया, बालुरघाट, कैलाशहर से होकर पूर्व की ओर मणिपुर की ओर जा रही है। दक्षिण-पूर्वी पाकिस्तान पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

उत्तरी बांग्लादेश पर समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। असम पर समुद्र तल से 3.1 से 4.5 किलोमीटर ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पूर्वी बिहार और उसके आस-पास के इलाकों पर समुद्र तल से 4.5 से 5.8 किलोमीटर ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

उत्तरी बिहार से दक्षिण असम तक एक द्रोणिका समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर सब हिमालयी पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है। उत्तरी गुजरात पर समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है जो ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है।एक और चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण गुजरात और आस-पास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 3.1 और 7.6 किलोमीटर ऊपर है। महाराष्ट्र तट से मध्य केरल तट तक एक द्रोणिका फैली हुई है।

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम की संभावित गतिविधि

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश संभव है। पूर्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, दिल्ली, पूर्वी गुजरात, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, ओडिशा, केरल, हिमाचल प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, रायलसीमा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और तमिलनाडु में हल्की बारिश की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/ राम बहादुर/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर