राजनाथ सिंह ने ऑस्ट्रेलियाई रक्षा मंत्री से टेलीफोन पर की द्विपक्षीय चर्चा


- हिंद-प्रशांत क्षेत्र में दोनों देशों के बीच घनिष्ठ सहयोग पर ध्यान केंद्रित किया गया

- दोनों देशों के संबंधों में प्रगति की समीक्षा के लिए रणनीतिक साझेदारी पर जोर

नई दिल्ली, 04 जुलाई (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस से टेलीफोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग से संबंधित कई मुद्दों की समीक्षा की गई, जिसमें इंडो-पैसिफिक में दोनों देशों के बीच घनिष्ठ सहयोग पर ध्यान केंद्रित किया गया। रक्षा मंत्री ने कहा, “हम भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को बहुत महत्व देते हैं।”

ऑस्ट्रेलियाई रक्षा मंत्री के पास उप प्रधानमंत्री का भी पद है। टेलीफोनिक बातचीत में दोनों मंत्रियों ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत रक्षा सहयोग में परिवर्तनकारी प्रगति का उल्लेख किया। वार्ता के दौरान पिछली भारत-ऑस्ट्रेलिया 2 प्लस 2 मंत्रिस्तरीय वार्ता के बाद से संबंधों में आई गति की सराहना की गई। इस द्विपक्षीय बैठक में दोनों मंत्रियों ने नवंबर, 2023 में भाग लिया था। ऑस्ट्रेलिया ने 2024 में जारी किए जाने वाले अपने राष्ट्रीय रक्षा रणनीति दस्तावेज में भारत को शीर्ष स्तरीय सुरक्षा भागीदार माना है।

ऑस्ट्रेलियाई रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस ने लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए रक्षा मंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के लिए राजनाथ सिंह को बधाई दी। उन्होंने भारतीय लोकतांत्रिक प्रणाली की कार्यप्रणाली को सराहा, जिसमें लोगों ने बड़ी संख्या में मतदान किया। उन्होंने टीम इंडिया के टी-20 विश्व चैंपियन बनने पर भी रक्षा मंत्री को बधाई दी।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनीत निगम 

   

सम्बंधित खबर