पुण्यतिथि पर ममता ने स्वामी विवेकानंद को किया याद

कोलकाता, 04 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पुण्यतिथि के मौके पर स्वामी विवेकानंद को याद किया है। उन्होंने गुरुवार को माइक्रो ब्लॉगिंग साइट एक्स पर लिखा है कि आज स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि के पावन अवसर पर उन्हें याद कर नमन करती हूं। महान संन्यासी-देशभक्त को मेरी श्रद्धांजलि, जिन्होंने हमें संप्रदायवाद या विभाजन के बिना अपने धर्म और देश से प्रेम करना सिखाया।

उल्लेखनीय है कि स्वामी विवेकानंद एक प्रमुख भारतीय सन्यासी, विचारक और समाज सुधारक थे। उनका जन्म 12 जनवरी 1863 को कलकत्ता (वर्तमान कोलकाता) में हुआ था। उनका असली नाम नरेंद्रनाथ दत्त था।

स्वामी विवेकानंद ने वेदांत और योग के भारतीय दर्शन को पश्चिमी दुनिया में फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने 1893 में शिकागो विश्व धर्म महासभा में भारत का प्रतिनिधित्व किया और अपने ऐतिहासिक भाषण की शुरुआत अमेरिका के मेरे प्यार बहनों और भाइयों से की, जिससे वे विश्वभर में प्रसिद्ध हो गए। चार जुलाई 1902 को 39 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया, लेकिन उनका आदर्श और शिक्षाएं आज भी जीवित हैं। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर