जल जमाव से परेशान लोगों ने बैरिकेडिंग कर किया सड़क जाम

हावड़ा, 04 जुलाई (हि.स.)। हावड़ा के मीरपाड़ा इलाके में जल जमाव से परेशान लोगों ने गुरुवार को सड़क पर बांस की बैरिकेडिंग कर सड़क अवरुद्ध कर दिया। तकरीबन दो घंटे तक सड़क अवरुद्ध रहा। इसके बाद पुलिस के हस्तक्षेप के बाद लोगों से अवरोध हटाया।

उल्लेखनीय है कि लंबे इंतजार के बाद मानसून आ गया है। गर्मी से राहत के बावजूद मानसून शुरू होते ही हावड़ा जिले के शहरी इलाकों में जल जमाव की समस्या सामने आने लगी है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों से इलाके में जल जमाव की समस्या है। वे समस्या के समाधान के लिए कई बार पूर्व पार्षद और विधायक से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।

यह समस्या 30 और 34 नंबर वार्ड की है। कथित तौर पर बरसात के मौसम में इलाके में भीषण जल जमाव होता है। बार बार के शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होता। परिणामस्वरूप, गुरुवार को सैकड़ों पुरुषों और महिलाओं को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा। लोगों ने बांस की बैरिकेडिंग बनाकर लिलुआ मीरपारा एनएस रोड मोड़ को अवरुद्ध कर दिया। नतीजा यह हुआ कि गुरुवार सुबह भीषण जाम लग गया। दो घंटे की लंबी घेराबंदी के बाद लिलुआ थाने की पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। अंततः पुलिस के आश्वासन पर स्थानीय लोगों ने जाम हटा लिया। यदि समस्या का समाधान नहीं होता है। स्थानीय लोगों ने आने वाले दिनों में बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा

   

सम्बंधित खबर