नेपाल : भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन में अब तक 80 की मौत, सौ से अधिक घायल

काठमांडू, 9 जुलाई (हि.स.)। नेपाल में इस वर्ष मॉनसून के सक्रिय होने के बाद हो रही भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में आकर अब तक 80 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इस दौरान 2000 से अधिक घरों के क्षतिग्रस्त होने से हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

गृह मंत्रालय के मुताबिक मॉनसून के सक्रिय होने के कारण इस बार कई स्थानों पर रिकार्ड ब्रेक बारिश हुई है। कुछ स्थानों पर पिछले चार दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण बाढ़ आ गई है। बाढ़ का असर लगभग सभी प्रदेशों में दिख रहा है। मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि इस बार की बारिश बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में अब तक 80 लोगों की मौत हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक काठमांडू में एक, कोशी प्रदेश में 19, मधेस प्रदेश में 3, बागमती प्रदेश में 4, गण्डकी प्रदेश में 22, लुम्बिनी प्रदेश में 20, कर्णाली प्रदेश में 4 और सुदूरपश्चिम प्रदेश में 7 लोगों की मौत हो चुकी है।

इसके अलावा काठमांडू में 5, कोशी प्रदेश में 25, मधेस प्रदेश में 9, बागमती प्रदेश में 7, गण्डकी प्रदेश में 32, लुम्बिनी प्रदेश में 13, कर्णाली प्रदेश में 19 और सुदूरपश्चिम प्रदेश में 31 लोगों के घायल होने की जानकारी गृह मंत्रालय द्वारा दी गई है। बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में अब भी पांच लोगों के लापता होने की जानकारी देते हुए उनकी तलाश जारी रखने की बात कही गई है।

गृहमंत्रालय की तरफ से बताया गया है कि बाढ़ के कारण अब तक 2000 से अधिक घर पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं जबकि 161 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा हैं। भारी बारिश के कारण विभिन्न नदियों में बाढ़ आने के कारण छोटे बड़े 41 पुलों के टूटने की जानकारी भी दी गई है। बाढ़ से एक सरकारी विद्यालय का भवन और दो सरकारी कार्यालय का भवन भी क्षतिग्रस्त हो गया है। अब तक 384 पशुओं के बह जाने की जानकारी भी दी गई है।

समरससमरससमरस

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास / दधिबल यादव

   

सम्बंधित खबर