मानस बोरा को कांग्रेस में वापस नहीं लेंगे: सांसद रकीबुल

बजाली (असम), 15 जुलाई (हि.स.)। धुबड़ी के कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन ने कहा है कि यदि मानस बोरा फिर से भाजपा छोड़कर कांग्रेस में वापस आना चाहते हैं तो उन्हें कांग्रेस में नहीं लिया जाएगा। रिकॉर्ड वोटों से एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल को बीते लोकसभा चुनाव में पराजित करने वाले रकीबुल हुसैन आज यहां पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।

उन्होंने दावा किया कि नए भाजपा नेताओं के आचरण की वजह से बड़ी संख्या में नेता भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के आचरण की वजह से भाजपा छोड़कर ये नेता कांग्रेस में आना चाहते हैं।

सांसद ने दावा किया कि 2026 के विधानसभा चुनाव तक यदि असम का मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा बने रहते हैं तो असम में अगली सरकार कांग्रेस की निश्चित ही बनेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जिस प्रकार कार्य किया जा रहा है उससे लोग हर तरफ परेशान हो रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के कई सवालों के सीधे-सीधे उत्तर दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश / अरविन्द राय

   

सम्बंधित खबर