नगर निगम बोर्ड बैठक पिटाई प्रकरण में आईजी से मिले भाजपा नेता

मेरठ, 02 जनवरी (हि.स.)। मेरठ नगर निगम की बोर्ड बैठक में पार्षदों की पिटाई प्रकरण में विपक्षी दलों के एकजुट होने के बाद मंगलवार को भाजपा नेताओं ने आईजी से मुलाकात की। भाजपा पार्षद की तहरीर पर अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं होने पर भाजपा नेताओं ने आईजी से नाराजगी जताई।

भाजपा जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा और महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज के नेतृत्व में मंगलवार को भाजपा नेताओं ने मेरठ परिक्षेत्र के आईजी नचिकेता झा से मुलाकात की। भाजपा नेताओं ने आईजी से कहा कि टाउन हॉल स्थित नगर निगम के सभागार में बैठक चल रही थी। तभी पार्षद आसिफ, फजल करीम, रिजवान अंसारी ने महिला पार्षदों के साथ अभद्र टिप्पणी की। इसके साथ ही अनुसूचित जाति के पार्षदों को जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए सार्वजनिक रूप से अपमानित किया था। इसके बाद पार्षद आशीष चौधरी और कुलदीप कीर्ति घोपला द्वारा महिलाओं के साथ अभद्रता की गई थी। पार्षद पवन चौधरी ने मामले की तहरीर देहली गेट थाने में दी थी।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज नहीं किया और आरोपित पार्षदों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। जिसके चलते भाजपा के सभी पार्षद खुद को खुद को अपमानित महसूस कर रहें है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति की महिलाओं के साथ अभद्रता करने वाले पार्षद आपराधिक प्रवृत्ति के है। भाजपा नेताओं द्वारा आरोपित पार्षदों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने की मांग की गई। आईजी ने भाजपा नेताओं को जांच करके कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/राजेश

   

सम्बंधित खबर