बाबा विश्वनाथ की कृपा से अवश्य बनूंगा मंत्री - ओमप्रकाश राजभर

लखनऊ, 04 जनवरी(हि.स.)। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेताओं की ओर से संदेश मिला है। खरमास के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। उत्तर प्रदेश में कुछ चेहरे मंत्री बनेंगे। बाबा काशी विश्वनाथ की कृपा से मैं भी अवश्य मंत्री बनूंगा।

ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि नई दिल्ली में दो बार भाजपा के प्रमुख नेताओं से मिल कर आया हूं। मेरी जो भी वार्ता हुई है, उसमें कोई भी शंका शेष नहीं है। वर्तमान स्थिति में मेरा भाजपा के साथ गठबंधन है। मेरी पार्टी भाजपा के साथ खड़ी है। आगे लोकसभा चुनाव भाजपा के गठबंधन में ही लड़ेंगे।इसमें भी कोई शंका नहीं है।

उन्होंने कहा कि खरमास खत्म होने के बाद उन्हें मंत्री बनने की उम्मीद है। यह भी हो सकता है कि अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम तक उत्तर प्रदेश में कोई बदलाव न हो। जब भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों के चेहरों को जोड़ेंगे और नये चेहरों को शामिल किया जाएगा, उसमें सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का चेहरा होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/सियाराम

   

सम्बंधित खबर