ग्वालियर: लगातार पांचवां दिन रहा तीव्र शीतल, 15 डिग्री रहा अधिकतम तापमान

ग्वालियर, 04 जनवरी (हि.स.)। इन दिनों ग्वालियर का मौसम शिमला का मुकाबला करता दिख रहा है। सूर्य देव तो जैसे अनिश्चतकालीन अवकाश पर चले गए हैं। दिसम्बर के अंतिम दिन से ही ग्वालियर के गगन पर जारी घने कोहरे का अतिक्रमण गुरुवार को भी कायम रहा। इस कारण अधिकतम पारा 15 डिग्री सेल्सियस तक भी नहीं पहुंच पाया। इस प्रकार मौसम विभाग के वार्षिक रजिस्टर में लगातार पांचवां दिन तीव्र शीतल दिन के रूप में दर्ज हो गया।

दक्षिण-पूर्व से आ रहीं नमी वाली हवाओं की वजह से पिछले पांच दिनों से ग्वालियर घने कोहरे की चपेट में है। कोहरे के साथ बादल भी कदम-ताल कर रहे हैं। इस कारण पिछले पांच दिनों से सूर्य देव के दर्शन दुर्लभ हो गए हैं। चिल्ला जाड़े का सामना कर रहे शहरवासी इन दिनों धूप के लिए तरस रहे हैं। ऐसे में मौसम विभाग का पूर्वानुमान लोगों को डरा रहा है।

स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह ने बताया कि शुक्रवार को भी घना कोहरा जारी रह सकता है। इसके बाद शनिवार-रविवार को कोहरे से राहत मिलने की संभावना है लेकिन सोमवार से मौसम एक बार फिर विपरीत हो सकता है क्योंकि सोमवार यानी आठ जनवरी को हिमालय में तीव्र आवृति वाला पश्चिमी विक्षोभ आएगा। इसके प्रभाव से आठ व नौ जनवरी को बादल छाए रहने के साथ ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 7.2 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 95 और शाम को 88 प्रतिशत दर्ज की गई।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद

   

सम्बंधित खबर