डॉ जोशी का भाजपा के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा : डॉ नरेंद्र सिंह गौर

-डॉ जोशी प्रयागराज के गौरव : राजेंद्र मिश्र

-डॉ जोशी ने वर्चुअल रूप से कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया

प्रयागराज, 04 जनवरी (हि.स.)। डॉ मुरली मनोहर जोशी का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा। संगमनगरी डॉ मुरली मनोहर जोशी की कर्मभूमि रही है। उनका शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय को केंद्रीय दर्जा दिलाया और प्रयागराज में ट्रिपल आईटी कॉलेज और नए यमुना ब्रिज का निर्माण करवाया।

यह बातें भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ मुरली मनोहर जोशी के 90वें जन्मदिन की पूर्व संध्या पर आयोजित संगोष्ठी में मुख्य वक्ता पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ नरेंद्र कुमार सिंह गौर ने सम्बोधित करते हुए कही। वात्सल्य सभागार में उन्होंने कहा कि जब वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हुए उनके नेतृत्व में भाजपा ने चार राज्यों में अपनी सरकार बनाई और उनके नेतृत्व श्रीनगर के लाल किले की चौक में राष्ट्रीय ध्वज फहराने को लेकर राष्ट्रीय एकता तिरंगा यात्रा निकाली गई। श्रीनगर की लाल चौक पर तिरंगा फहराकर आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया गया था।

इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी ने डॉ जोशी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि डॉ जोशी एक आदर्श राजनीति के प्रतिबिम्ब हैं। अध्यक्षता करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र ने कहा कि डॉ मुरली मनोहर जोशी प्रयागराज के गौरव हैं। यह उनकी कर्मभूमि रही है। डॉ एल.एस. ओझा एवं शशि वार्ष्णेय ने भी अपने विचार व्यक्त किये।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि इस अवसर पर वर्चुअल रूप से डॉ मुरली मनोहर जोशी ने जन्मदिन की बधाई मिलने पर कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया और आगामी लोकसभा के चुनाव में कार्यकर्ताओं को जुट जाने को कहा। तीसरी बार नरेन्द्र मोदी की सरकार बनाने के लिए जीत का मंत्र दिया। कार्यक्रम के संयोजक भाजपा नेता विक्रम सिंह पटेल एवं अनिल भट्ट रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्याकान्त/आकाश

   

सम्बंधित खबर