उदयपुर नगर निगम : बोर्ड बैठक में 22 जनवरी को अवकाश का ऐलान

उदयपुर नगर निगम : बोर्ड बैठक में 22 जनवरी को अवकाश का ऐलान

उदयपुर, 04 जनवरी (हि.स.)। उदयपुर नगर निगम की गुरुवार को हुई बोर्ड बैठक में 22 जनवरी को अवकाश का ऐलान किया गया है।

उल्लेखनीय है कि 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव है। इस दिन पूरे देश में दीपावली मनाने का आह्वान किया गया है। महापौर जीएस टांक ने बोर्ड बैठक में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि नगर निगम की ओर से 22 जनवरी को शहर में चौराहों को सजाया भी जाएगा। इस निमित्त हो रहे विभिन्न आयोजनों में नगर निगम का सहयोग रहेगा।

बोर्ड बैठक में निर्माण समिति अध्यक्ष ताराचंद जैन के विधायक बनने के कारण रिक्त हुए स्थान पर भवन निर्माण अनुमति समिति के अध्यक्ष अशीष कोठारी को निर्माण समिति अध्यक्ष बनाया गया। कोठारी के स्थान पर गोशाला समिति अध्यक्ष भंवर सिंह देवड़ा को अध्यक्ष बनाया गया। गोशाला समिति का अध्यक्ष मोहन गुर्जर को बनाया गया है।

सवीना क्षेत्र में मैनरोड पर अण्डर ग्राउण्ड केबलिंग या शिफ्टिंग पर नगर निगम द्वारा सहयोग का निर्णय किया गया।

स्मार्ट सिटी के कार्यों को लेकर नगर निगम के लगभग सभी पार्षदों असंतुष्ट नजर आए। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों द्वारा पार्षदों के मार्फत आने वाली समस्याओं को नहीं सुनने की शिकायत सभी ने की। इस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों से इस बाबत चर्चा करने की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार/ सुनीता कौशल/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर