करणपुर विधानसभा सीट पर मतगणना में कांग्रेस के कुन्नर को बढ़त

श्रीगंगानगर, 8 जनवरी (हि.स.)। करणपुर विधानसभा सीट पर हुए चुनाव की मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे शुरू हुई। डॉ.भीमराव अंबेडकर गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में चल रही मतगणना में छह राउंड के बाद कांग्रेस के रुपिंदर सिंह कुन्नर 2442 वोटों से आगे चल रहे हैं। कुन्नर को 32085 और भाजपा के सुरेंद्रपाल सिंह टीटी को 29643 और वोट मिले हैं।

चुनाव जीतने से पहले ही भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्रपाल सिंह टीटी को भजनलाल सरकार में मंत्री बनाने से ये सीट चर्चा में है। परिणाम से तय होगा कि टीटी मंत्री पद पर बरकरार रहेंगे या नहीं। इस चुनाव परिणाम पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हैं। 18 राउंड में मतगणना पूरी होगी। टीटी को भजनलाल सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है और चार अहम विभाग भी दिए गए हैं। इस मामले में कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग में आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराई थी। भाजपा के सत्ता में आने के बाद भजनलाल सरकार की यह पहली बड़ी परीक्षा है। भाजपा और कांग्रेस की इस चुनाव में प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।

करणपुर विधानसभा क्षेत्र में 249 मतदान केंद्र है, जिनमें से शहरी क्षेत्र के 37 और ग्रामीण क्षेत्र के 212 मतदान केंद्र है। विधानसभा क्षेत्र में दो लाख 40 हजार 826 मतदाता है, जिनमें 125850 पुरुष और 114966 महिला, 180 सर्विस वोटर, 10 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। यहां पांच जनवरी को हुए मतदान में 74.40 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीतसिंह कुन्नर के निधन के बाद करणपुर विधानसभा सीट पर 25 नवंबर को चुनाव नहीं हुआ था। राजस्थान में 200 में से 199 विधानसभा सीटों पर 25 नवंबर को मतदान हुआ था और तीन दिसंबर को परिणाम जारी हुआ था। भाजपा को 115 ,कांग्रेस 69 सीट, बाप को तीन, बीएसपी को दो, आरएलडी व आरएलपी को एक-एक और आठ सीटों पर निर्दलीय जीते थे।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर