भारतीय रेलवे मजदूर संघ की कार्यसमिति बैठक आयोजित

जयपुर, 8 जनवरी (हि.स.)। भारतीय रेलवे मजदूर संघ की दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक सोमवार को सेवा सदन जयपुर में शुरू हुई।

बैठक का उद्घाटन करते हुए भारतीय मजदूर संघ के उपाध्यक्ष एवं सेक्टर प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया। कार्यकर्ता स्वयं से शुरुआत करते हुए त्याग की भावना आगे रखते हुए संगठन हित के मूल में रखते हुए आगे बढ़े तो निश्चय ही सफलता प्राप्त होगी। भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री बी सुरेंद्रन ने बैठक में उपस्थित भारतीय रेलवे के सभी जोनों एवं उत्पादन इकाइयों के महामंत्री को संगठन की बारीकियां समझाते हुए मार्गदर्शन किया। बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री हरि मोहन शर्मा ने संघ की रीति-नीति पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए आशा व्यक्त की कि विश्व के सबसे बड़ा मजदूर संगठन भारतीय मजदूर संघ की औद्योगिक इकाई भारतीय रेलवे मजदूर संघ की रिकॉर्ड सदस्यता हो।

उत्तर पश्चिम रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री विनय कुमार झा ने बताया कि बैठक के प्रथम दिन सांगठनिक विषयों एवं रेलवे में मान्यता के लिए चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सभी विभागों के एसोसिएशनों से अपील की गई कि वह मान्यता प्राप्त यूनियन के कर्मचारी विरोधी कार्यों से भलीभांति परिचित हैं। इस मान्यता के चुनाव में भारतीय रेलवे मजदूर संघ से सम्बध्द उत्तर पश्चिम रेलवे कर्मचारी संघ का सहयोग कर कर्मचारियों के हित में अपनी भागीदारी निभाएं। बैठक में भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष राज बिहारी शर्मा एवं भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय वित्त सचिव एस के राठौड़ का सान्निध्य एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। बैठक की अध्यक्षता भारतीय रेलवे मजदूर संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी ने की।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश/संदीप

   

सम्बंधित खबर