रंगिया में प्रदेश भाजपा मोर्चा समन्वयक की बैठक

- भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष और दो केंद्रीय मंत्री होंगे शामिल

गुवाहाटी, 08 जनवरी (हि.स.)। 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक कार्यों को तेज कर दिया है। भाजपा ने मंत्रियों, विधायकों के साथ-साथ पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को जिम्मेदारी देकर हर लोकसभा क्षेत्र में अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को जारी रखा है।

पार्टी मुख्यालय से जारी बयान में प्रवक्ता रूपम गोस्वामी ने कहा, ''''प्रदेश भाजपा के आठ मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ मोर्चा की समन्वय बैठक आज रंगिया स्थित हरदत्त बिरदत्त भवन में अध्यक्ष भवेश कलिता की उपस्थिति में हुई। बैठक के बारे में मीडिया से बात करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कालिता ने कहा, आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी के हर मोर्चे का हर कार्यकर्ता सक्रिय रूप से भाग ले सके, इसके मद्देनजर उन्होंने प्रदेश भाजपा के युवा मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की।

उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने 70 दिनों में किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए 11 विशेष कार्यक्रम शुरू किए हैं। प्रदेश भाजपा किसानों, महिलाओं और युवा पीढ़ी के लिए काम करने के लिए आने वाले दिनों में राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा किए गए कार्यक्रमों का भी पालन करेगी। इसके अनुसार आगामी दिनों में युवा मोर्चा के नेतृत्व में नवीन मतदाता सम्मेलन, महिला मोर्चा के नेतृत्व में हितग्राही सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

रूपम गोस्वामी ने यह भी कहा कि 2024 के लिए प्रदेश भाजपा की कार्यकारिणी की बैठक 10 जनवरी को श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में होगी। प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की उपस्थिति से कार्यकारिणी की बैठक की प्रतिष्ठा और बढ़ेगी। असम सरकार के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और रामेश्वर तेली, राष्ट्रीय सचिव सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, भाजपा असम राज्य प्रभारी बैजयंत जय पांडा, पूर्वोत्तर भारत समन्वयक संबित पात्रा, सह-समन्वयक ऋतुराज सिन्हा, असम सरकार के मंत्री, पार्टी सांसद और विधायक, राज्य भाजपा पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और सभी राज्य भाजपा कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहेंगे। कार्यकारिणी की बैठक से पहले नौ जनवरी को प्रदेश भाजपा के वर्धित पदाधिकारियों की बैठक होगी। प्रवक्ता गोस्वामी ने कहा कि प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक आगामी लोकसभा चुनावों से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल और बढ़ाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर