मैं मजहब के आधार पर भेदभाव नहीं करती, भाजपा करती है : ममता

कोलकाता, 09 जनवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा लोकसभा चुनाव से पहले अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के जरिये नाटक कर रही है। तृणमूल सुप्रीमो ने कहा कि यही भाजपा की राजनीति है। वह मजहब के आधार पर भेदभाव करती है लेकिन मैं नहीं करती।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं उन उत्सवों का समर्थन नहीं करती हूं जो अन्य समुदायों को नजरंदाज करने वाले हैं। दक्षिण 24 परगना जिले के जयनगर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, बनर्जी ने कहा कि वह धार्मिक आधार पर जनता को विभाजित करने में विश्वास नहीं करती हैं। मैं उन उत्सवों में विश्वास करती हूं जो सभी समुदायों के लोगों को साथ लेकर चलते हैं और एकता की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा यह (राम मंदिर उद्घाटन) अदालत के निर्देश के तहत कर रही है, लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले नौटंकी के तौर पर ऐसा कर रही है।

उन्होंने कहा कि मैं लोगों को धार्मिक आधार पर बांटने में विश्वास नहीं करती।

उल्लेखनीय है कि अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होनी है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और छह हजार से अधिक लोगों के समारोह में भाग लेने की उम्मीद है। हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर