ग्वालियर: शुष्क हुआ मौसम, अब गिरेगा पारा, बढ़ेगी ठंड

ग्वालियर, 10 जनवरी (हि.स.)। मंगलवार को हुई जोरदार बारिश के बाद बुधवार को मौसम शुष्क हो गया। दोपहर में गुनगुनी धूप खिली रही लेकिन सर्द हवाएं भी चलती रहीं। इसलिए ठंड से कोई राहत नहीं मिली। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अब धीरे-धीरे न्यूनतम पारा लुढ़केगा और ठंड बढ़ेगी।

दिसम्बर के अंतिम दिन से ही कोहरा और बादलों के गठजोड़ के चलते सूर्यदेव अघोषित अवकाश पर थे। इस दौरान बीते मंगलवार को ग्वालियर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जोरदार बारिश हुई। बुधवार को भी सुबह बादलों के साथ कोहरा छाया रहा। दोपहर होते-होते मौसम पूरी तरह साफ हो गया और अच्छी खासी धूप खिली रही लेकिन उत्तर से आईं सर्द हवाएं ठंड का एहसास कराती रहीं। स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर हो गया है और अब ग्वालियर-चंबल संभाग के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है। हवाओं का रुख भी अब उत्तरी हो गया है। यानी उत्तर से ठंडी हवाएं आना शुरू हो गई हैं। इससे अब न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। जिससे सुबह-शाम ठंड का असर बढ़ेगा लेकिन दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। जिससे दिन में ठंड से कुछ राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि गुरुवार को सुबह ग्वालियर सहित आसपास के जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से घटना कोहरा पड़ सकता है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में बुधवार को अधिकतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 2.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 90 और शाम को 79 प्रतिशत दर्ज की गई।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद

   

सम्बंधित खबर