इंदौर: कलेक्टर ने किया इंदौर विकास प्राधिकरण के कार्यों का निरीक्षण

- कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरे करने के दिये निर्देश

इंदौर, 10 जनवरी (हि.स.)। कलेक्टर आशीष सिंह ने बुधवार को इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित तथा निर्माणाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण किया और पगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्भय सिंह पटेल बस टर्मिनल, आईएसबीटी तथा भवरकुंआ के ब्रिज को देखा। इस दौरान उन्होंने कहा कि उक्त सभी प्रोजेक्ट यातायात सुधार की दृष्टि से अति महत्वपूर्ण हैं। यातायात सुधार में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसको देखते हुए उक्त प्रोजेक्ट जल्द से जल्द पूरे कर प्रारंभ किये जायें।

कलेक्टर आशीष सिंह ने अपने भ्रमण की शुरूआत सबसे पहले निर्भय सिंह पटेल बस टर्मिनल नायता मुण्डला से की। यहां उन्होंने आरई-2 मार्ग के एप्रोच के कुछ भाग में आ रही दिक्कतों को देखा और उन्होंने उक्त बाधाओं का समाधान शीघ्र करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि दिक्कतों का समाधान कर उक्त बस टर्मिनल शीघ्र प्रारंभ किया जाये। इसके बाद वे आईएसबीटी की प्रगति देखने पहुंचे। यहां बताया गया कि इसका कार्य लगभग 70 प्रतिशत पूर्ण हो गया है।

कलेक्टर ने निर्देश दिये कि सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शेष कार्य भी शीघ्र पूरा करें। इसके बाद वे भवरकुंआ पहुंचे। भवरकुंआ में उन्होंने निर्माणाधीन ब्रिज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्रिज निर्माण की प्रगति को देखा। ब्रिज निर्माण की बाधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने दिक्कतों का शीघ्र समाधान कर ब्रिज का निर्माण तेज गति से करने निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आर.पी. अहिरवार, अधीक्षण यंत्री द्वय अनिल जोशी तथा सी.पी. मुंदड़ा, कार्यपालन यंत्री के.डी. भल्ला, एडिशनल डीसीपी ट्राफिक अरविंद तिवारी तथा एसीपी ट्राफिक संजय पंवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर