संशोधित : मोदी की गारंटी पूरा करना हमारी जिम्मेदारी,पूरे होंगे सभी वादे : विष्णुदेव साय

रायपुर, 10 जनवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि पूरे प्रदेश के भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन की भावना से काम किया तब जाकर यह ऐतिहासिक विजयश्री हमको हासिल हुई । इसके लिए हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व और कार्यकर्ता अभिनंदन के पात्र हैं। अब हमारे सामने जनाकांक्षाओं की कसौटी पर खरा उतरने की चुनौती है। इतनी बड़ी जीत यहां की जनता ने दिलाई है। साय बुधवार को राजधानी के इनडोर स्टेडियम में आयोजित भाजपा के रायपुर संभागस्तरीय कार्यकर्ता सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह अभिनंदन समारोह वास्तव में हमारे देवतुल्य कार्यकर्ता का वंदन है। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और हमारे सभी कार्यकर्ताओं ने 2023 के विधानसभा चुनाव में तन-मन-धन से परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए पार्टी को ऐतिहासिक विजय दिलाई है। साय ने इस मौके पर सबसे पहले मंचस्थ उपमुख्यमंत्री, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों व पदाधिकारियों से आग्रह करके अपनी-अपनी जगह पर उठकर कार्यकर्ताओं को नमन कर अभिनंदन किया। साय ने कहा कि भाजपा पर, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर प्रदेश ने बहुत बड़ा विश्वास व्यक्त किया है।

साय ने प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित सभी राष्ट्रीय नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री का भी आभार व्यक्त किया। साय ने ओमप्रकाश माथुर , शिवप्रकाश, प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन, चुनाव सह प्रभारी केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल को भी आभार ज्ञापित किया जिन्होंने संगठनात्मक ढांचे को भरसक मजबूती प्रदान की ।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह जीत मोदी की गारंटी में विश्वास की है। मुख्यमंत्री के नाते आप सभी कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करना चाहूंगा कि मोदी की गारंटी मतलब गारंटी पूरा होने की गारंटी है। निश्चित रूप से आने वाले 5 साल में जो भी वादा हमारी पार्टी ने छत्तीसगढ़ की जनता से किया है, वह एक-एक वादा पूरा करके रहेंगे। साय ने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा है। मोदी की गारंटी में एक योजना यह भी है कि सरकारी पैसे से छत्तीसगढ़ के लोगों को भगवान राम का दर्शन कराया जाएगा। इस पर भी अमल होगा। 22 तारीख को प्राण प्रतिष्ठा पर हम सभी को उत्सव की तरह मनाना है, रात में अपने घरों में दीपक प्रज्जवलित करना है, मंदिरों में पूजा-पाठ करना है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि एक बात पूरा देश मानता है कि छत्तीसगढ़ में जो आवाज उठती है, वह बस्तर से सरगुजा तक को प्रभावित करती है। प्रदेश में भाजपा की इस ऐतिहासिक विजय के बाद सभी ने यह निश्चय किया कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जी-तोड़ मेहनत की पराकाष्ठा करते हुए जिस तरीके से भाजपा की जीत सुनिश्चित की, उनका अभिनंदन किया जाए। बूथ समिति के कार्यकर्ताओं ने पार्टी की रीति-नीति, अनुशासन, सिद्धांत, कार्य योजना चुनाव से संबंधित हर विषय जनता तक ले जाने का काम किया। पन्ना प्रमुख और बूथ कमेटियों ने हमारी 11 ऐसी विशेष योजनाओं को लेकर काम करके बहुत महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कार्यकर्ताओं के पराक्रम का यशोगान करते हुए आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटें जीतने के लिए संकल्पित होने का आह्वान किया। भाजपा के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और परिश्रम से काम करते हैं। शर्मा ने कहा कि पिछला चुनाव तो छत्तीसगढ़ प्रदेश का चुनाव था, आने वाला चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चुनाव है, इसलिए अबकी बार कोई कसर बाकी नहीं रहनी चाहिए और प्रदेश की सभी 11 सीट 11 जीतने का संकल्प हम सब लें।

रायपुर के सांसद सुनील सोनी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि देश के अंदर में हमारी अगर कोई पहचान है तो वह पार्टी कार्यकर्ताओं के आधार पर चलने और संगठन के आधार पर काम करने वाली पार्टी के रूप में है। सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाएंगे, यही हम सबका सपना है। प्रदेश के शिक्षा और संसदीय कार्य मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि 5 साल बाद प्रदेश के अच्छे दिन आए हैं और यह अच्छे दिन लाने वाले आप सब भाजपा के कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं के दम पर, परिश्रम से, तपस्या से ये अच्छे दिन आए हैं। इस अभिनंदन से चुप नहीं बैठना है। प्रभु राम से प्रेरणा लेकर इस देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हमको तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। नए भारत का निर्माण करना है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के करकमलों से विधानसभा वार उस विधानसभा के उत्कृष्ठ बूथ का सम्मान, बूथ अध्यक्ष - किशोर सोनी , हार्दिक पटेल, रोशन यादव ,किरन पटेल, नरेन्द्र, गणेश शर्मा , जन्नू लोधी , विष्णु श्रीवर , अभिजीत अवस्थी, संकेत बड़रिया, भूपेंद्र चंद्राकर, साधूराम साहू, जे टैम पटेल को उत्कृष्ठ बूथ का मोमेंटो देकर एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मान किया गया ।

कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा सांसद सुनील सोनी , चुन्नी लाल साहू पूर्व मंत्री एवं विधायक अजय चंद्राकर , राजेश मूणत ,विधायकों ,छगन लाल मूंदड़ा,सुभाष तिवारी सहित प्रदेश भाजपा के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। मंच संचालन जगन्नाथ पाणिग्रही एवं आभार रायपुर शहर जिला अध्यक्ष जयंती भाई पटेल ने किया ।

हिन्दुस्थान समाचार/केशव शर्मा

   

सम्बंधित खबर