जीतू पटवारी बोले- राम मंदिर मैं भी जाऊंगा, पर कब जाऊंगा यह मेरी आस्था का विषय

मुरैना, 11 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर राजनीति थमने का नाम नहीं ले रही है। कांग्रेस लगातार भाजपा पर निशाना साधते हुए हमले बोल रही है। गुरुवार को मुरैना पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राम मंदिर को लेकर बडा बयान दिया है। उन्हाेंने कहा है कि राम कण कण में हैं, जब इच्छा होगी दर्शन के लिए जाऊंगा।

जीतू पटवारी ने कहा है कि कण कण में राम है तो दूरी का तो सवाल ही नहीं उठता है। कांग्रेस पार्टी का विचार अपने- अपने धर्म को अपनी- अपनी पद्धति और रीतिरिवाज से मानने का हैं। पटवारी ने कहा कि स्वामी स्वरूपानंद ने जो वक्तव्य दिया वह सर्व विदित हैं। हम इस बात पर नहीं जाना चाहते कि राम को राजनीति में लाएं। राम हमारे है, 100 प्रतिशत जायेंगे, पूरा देश जाए। उन्होंने कहा एक- एक हिंदू जाए पर आज जाए या कल जाए यह तो उसकी आस्था का विषय है। मैं भी जाऊंगा, पर कब जाऊंगा यह तो मेरी आस्था का विषय है।

कांग्रेस पार्टी दलित शोषित वर्ग की पार्टी

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी दलित शोषित वर्ग की पार्टी है। कांग्रेस पार्टी अबकी बार थोड़ा पीछे रह गई, जिसके बाद भाजपा को मौका मिला। कांग्रेस पार्टी में स्वराज की भावना है, महात्मा गांधी का विचार है। मैंने यह निर्णय लिया है कि जब मैं प्रवास पर रहूंगा तब किसी गरीब के घर आश्रय लूंगा और जो हमारे गरीब दलित एससी एसटी के परिवार है उनके यहां भोजन करूंगा।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा का स्टीकर जारी किया

जीतू पटवारी ने मुरैना में भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 5900 किलोमीटर के बाद लगभग 20 फरवरी के बाद मुरैना पहुंचेगी। इस यात्रा में ग्वालियर चंबल के सभी नागरिकों की सहभागिता के लिए कार्यकर्ताओं को दिशा निर्देश दिए हैं आज हमने भारत जोड़ो न्याय यात्रा का स्टीकर जारी किया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

   

सम्बंधित खबर