हिटलरशाही सोच की सरकार को उखाड़ फेकेंगे: अविनाश पांडेय

-कांग्रेस ने मेरठ से किया लोकसभा का चुनावी शंखनाद

मेरठ, 11 जनवरी (हि.स.)। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस पर सबसे ज्यादा देश की जिम्मेदारी है। हम देश के उस सबसे पीछे रहने वाले नागरिक तक पहुंचना चाहते हैं। भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि केंद्र की हिटलरशाही सोच की सरकार को उखाड़ फेकेंगे।

मेरठ में प्यारेलाल शर्मा स्मारक सभागार में कांग्रेस का पश्चिमी जोन का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य कांग्रेस की मजबूती के लिए सभा में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सुझाव लेना है। 19 जनवरी से देश के सभी छह जोनों में इस तरह के संवाद सम्मेलन होंगे। 23 जनवरी तक सभी सम्मेलन पूरे होने है जिसके बाद उनकी रिपोर्ट पार्टी मुख्यालय और अध्यक्ष तक पहुंचाने है। हमारा आत्मविश्वास जितना मजबूत होगा उतनी ही हमारी जीत निश्चित होगी। प्रियंका गांधी ने हर मोड़ पर कांग्रेस को मजबूत करने का काम किया है। चुनावी जीत और हार होती रहती है। यह जनता की मर्जी पर निर्भर करती है। लेकिन हमे पिछली हार से बाहर निकलकर आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि हमें यदि अपना लक्ष्य प्राप्त करना है तो सबसे पहले सभी को साथ लेकर चलना होगा।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि हमने यह प्रण लिया है जब तक हम कांग्रेस पार्टी को फिर से उठाकर खड़ा नहीं कर देंगे, तब तक आराम से बैठ नहीं सकते। किसानों को गन्ना भुगतान नहीं मिला है। बिजली बिल माफ करने के मुद्दे पर सरकार ने किसानों के साथ धोखा हुआ है। किसान, नौजवान, महिलाएं सभी परेशान हैं। हर वर्ग परेशान हैं। बीएचयू मामले पर कोई सामने नहीं आया। केवल कांग्रेस ही इसे लेकर बोल रही है। पुरानी पेंशन की मांग उठाई गई है।

कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि देश इस समय बहुत बुरे दौर से गुजर रहा है, कांग्रेस की दस साल की सरकार में केवल नौ ईडी के छापे पड़े थे। लेकिन मोदी सरकार ने तो हद कर दी। दबाव डालने के लिए हर दूसरे आदमी पर ईडी और सीबीआई का छापा डलवाकर डर और दबाव बनाया जा रहा है। जिस तरह से भाजपा ने देश को खत्म करने का काम किया है। वह बेहद शर्मनाक है, इसके लिए भाजपा को उखाड़ना जरूरी है।

कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा कि आज यहां कांग्रेस के मजबूत स्तंभ मौजूद है। हमें देश में न्याय की बात करने वाले राहुल गांधी का आभार जताना चाहिए जो आम जनता की आवाज उठाते हैं। किसान से इस सरकार की दुश्मनी जग जाहिर है, लेकिन कांग्रेस किसानों के हित में काम करती है। यह राम के पक्षधर कैसे हो गये, राम तो सबके हैं। अगर कांग्रेस के सभी पदाधिकारी काम करना शुरू कर दें तो अपने आप कांग्रेस को संजीवनी मिल जाएगी। कार्यक्रम का संचालन मेरठ जिलाध्यक्ष अवनीश काजला ने किया। इस अवसर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रदीप नरवाल, अभिमन्यु त्यागी, हरिकिशन अंबेडकर, अनिल देव त्यागी, जाहिद अंसारी आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/मोहित

   

सम्बंधित खबर