देश के सभी देवालयों में 14 से 21 जनवरी तक स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा: जोशी

रतलाम, 13 जनवरी (हि.स.)। श्रीराम मंदिर दर्शन अभियान समिति के प्रदेश प्रभारी एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष पंकज जोशी ने कहा कि 14 से 21 जनवरी तक देश के सभी देवालयों मे स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। भाजपा की मंडल इकाइयां अपने स्तर पर योजना बनाकर इस कार्य को अंजाम देगी। हर मंदिर की सफाई इस अभियान मे करके जगह-जगह अयोध्या धाम बनाना है। 22 जनवरी को हर घर पर कम से कम 11-11 दीपक जलाये और शहर को ऐसा रोशन कर दे कि सेटेलाइट मे रतलाम अलग ही नजर आए।

जोशी ने यह बात शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की जिला बैठक में कही। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा ने की। जोशी ने बैठक में बताया कि 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रत्येक लोकसभा के 6 हजार राम भक्तों को अयोध्या दर्शन कराये जायेगे। इसके लिए 25 जनवरी तक सभी कार्यकर्ता राम भक्तों का पंजीयन करेंगे और अयोध्या मे 7 दिन सेवा देने हेतु 10-10 कार्यकर्ताओं की टोली भी जायेगी।

जोशी ने इस मोके पर भगवान श्री राम मंदिर निर्माण के लिए किए गए संघर्ष पर विस्तार पर प्रकाश डाला और कहा कि राम मंदिर के रूप मे राष्ट्र मंदिर बनने जा रहा है। यह किसी समाज , जाति और धर्म से जुडा न होकर पूरे राष्ट्र से जुड़ा है, इससे देश राममय हो गया है। इस दिन साज, सजावट के साथ दीप जलाकर दिवाली मनाई जायेगी। महोत्सव के लिए मोहल्लों मे प्रभात फेरी निकाली जा रही है और घर-घर जाकर अक्षत बाटे जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद जोशी/मुकेश

   

सम्बंधित खबर