भारी बारिश और भूस्खलन से उत्तरी सिक्किम में 6 लोगों की मौत, 8 घर ध्वस्त

- उत्तरी जिले के महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ने वाला सांकलांग पुल नष्ट

गंगटोक, 13 जून (हि.स.)। उत्तरी सिक्किम के मंगन जिले में गुरुवार रात हुई मूसलाधार बारिश से जनधन को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। जिले के अलग-अलग जगहों पर हुई भूस्खलन से 6 लोगों की मौत हो गई है। उत्तरी जिले के महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ने वाला सांकलांग पुल भी नष्ट हो गया है। इससे पहले 10 जून को दक्षिण सिक्किम के यांगगांग में भूस्खलन से तीन लोगों की मौत हो गई थी।

पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश से राज्य के विभिन्न हिस्सों में काफी नुकसान हुआ है। इस बीच मंगन जिले के पाक्सेप में कल रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद हुए भूस्खलन से तीन लोगों की मौत हो गई है। इसी तरह अम्बीथांग में भी तीन लोगों की मौत हो गई है और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।

भूस्खलन ने आठ पक्के मकानों को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है। इसी तरह 10 कच्चे मकान और 12 पक्के मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। भूस्खलन ने पशुधन को भी काफी नुकसान पहुंचाया है। 10 गायें, 5 बछड़े, 1000 से अधिक पोल्ट्री मुर्गियां, 15 बकरियां आदि बह गए। मूसलाधार बारिश ने सांकलांग पुल को भी नष्ट कर दिया है। यह पुल सिक्किम के महत्वपूर्ण क्षेत्र जंगु और चुंगथांग को जोड़ता है। प्रभावित लोगों के लिए पाक्सेप जूनियर हाई स्कूल में एक राहत शिविर स्थापित किया गया है।

मंगन जिले के जिलापाल हेम कुमार छेत्री ने जिले में हुई नुकसान का आकलन करने के लिए आज एक बैठक की। बैठक में आपदा का विश्लेषण किया गया और प्रभावित लोगों को राहत देने पर चर्चा की गयी। बैठक में अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचे लोगों को क्षति की जानकारी दी। जिलापाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने और आपदा का तुरंत आकलन करने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार/बिशाल/सुनीत

   

सम्बंधित खबर