ईडी अधिकारियों पर हमला मामले में अब तक चार गिरफ्तार

कोलकाता, 15 जनवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले की संदेशखाली में तृणमूल नेता शेख शाहजहां के घर छापेमारी के दौरान ईडी अधिकारियों पर हमला मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। घटना के 11 दिन बीत जाने के बाद पुलिस ने गत शुक्रवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया था और अब दो और लोगों को पकड़ा गया है।

पुलिस ने बताया है कि गिरफ्तार लोगों की पहचान अली हुसैन घरामी और संजय मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने रविवार अली हुसैन को उत्तर 24 परगना जिले के मिनाखान से, जबकि संजय को उसी जिले के नज़ात इलाके से गिरफ्तार किया। इन दो नई गिरफ्तारियों के साथ ईडी अधिकारियों पर हमला करने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।

पुलिस ने 12 जनवरी को सुकमल सरदार और मेहबूब मोल्ला को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस ने हमले के वीडियो फुटेज से पहचान कर इन्हें गिरफ्तार किया था। हालांकि, हमले के पीछे कथित मास्टरमाइंड और तृणमूल कांग्रेस नेता शेख शाहजहां, जिनके आवास पर ईडी के अधिकारियों ने छापेमारी का प्रयास किया था, अभी भी फरार हैं। ईडी ने शाहजहां के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। बीएसएफ की सीमा चौकियों को भी इस आशंका में सतर्क कर दिया गया है कि फरार सत्तारूढ़ नेता पड़ोसी बांग्लादेश भाग सकता है।

उधर नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया है कि पुलिस को शाहजहां के बारे में पता है और वह फरार नेता को संरक्षण दे रही है।

उल्लेखनीय हैं कि पांच जनवरी को छापेमारी करने गई ईडी टीम पर हमला हुआ था जिसमें तीन अधिकारी घायल हो गए हैं। सीएपीएफ अधिकारियों पर भी हमले किए गए थे और उनकी गाड़ियां तोड़ दी गई थीं।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश

   

सम्बंधित खबर