माफिया संतोष की 9 करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क, गैंग बनाकर अर्जित की थी संपत्ति

फिरोजाबाद, 18 जनवरी (हि.स.)। जनपद के तीन थानों की पुलिस ने जिला अधिकारी के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम के साथ गुरुवार को एक शातिर अपराधी की 9 करोड़ से अधिक की अचल संपत्ति कुर्क की है। इस कार्रवाई से अन्य अपराधियों में खलबली मच गई है।

थाना सिरसागंज के गांव नगला बाग निवासी संतोष कुमार उर्फ पप्पू एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ जनपद फिरोजाबाद के अलावा कानपुर और आगरा में अनेकों संगीन अपराध दर्ज हैं। जिलाधिकारी ने इस शातिर अपराधी को गैंगस्टर में भी निरुद्ध किया है। इसके खिलाफ न्यायालय में कई मुकदमें चल रहे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रण विजय सिंह ने बताया कि संतोष ने 1998 में अपराध की दुनिया में कदम रखा था और उसने गलत तरीके से करोड़ों की संपत्ति अर्जित कर ली। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी चल और अचल संपत्ति कुर्क करने के आदेश दिए थे। सिरसागंज की राजस्व विभाग की टीम ने थाना सिरसागंज, थाना नगला खंगार, थाना अराव पुलिस टीम के साथ गुरुवार को इस शातिर अपराधी की 9 करोड़, 92 लाख, 6236 की अचल संपत्ति कुर्क कर ली है।

संपत्ति कुर्क करने वाली टीम में एसडीएम सिरसागंज विवेक राजपूत, तहसीलदार नवीन कुमार के साथ थाना सिरसागंज, थाना नगला खंगर और थाना अराव की पुलिस मौजूद रही।

हिन्दुस्थान समाचार/कौशल/दिलीप

   

सम्बंधित खबर