ग्वालियर: लगातार गुरुवार को भी रही ठिठुरन भरी ठंड, अधिकतम पारा 14.7 डिग्री पर

छायाचित्र।

ग्वालियर, 18 जनवरी (हि.स.)। पिछले तीन दिन से कोहरा, बादल, शीतलहर के संयुक्त प्रभाव से ग्वालियर ठिठुर रहा है। ठंड पूरे यौवन पर है। अधिकतम तापमान सामान्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस कम होने के कारण लगातार तीसरे दिन गुरुवार को भी सीवियर कोल्ड-डे (तीव्र शीतल दिन) घोषित किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो से तीन दिन तक तीव्र ठंड का प्रकोप इसी प्रकार जारी रहने की संभावना है।

गुरुवार को ग्वालियर शहर में सुबह से दोपहर तक कोहरा छाया रहा। साथ ही शीतलहर भी चलती रही। दोपहर साढ़े 12 बजे के आसपास कोहरा बादलों में बदल गया। इसके बाद सूरज तो निकला लेकिन धूप काफी कमजोर रही। इस वजह से पिछले दिन की तुलना में आज अधिकतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 14.7 डिग्री सेल्सियस पर ही थम गया जो सामान्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य है। आज सुबह हवा में नमी 94 और शाम को 81 प्रतिशत दर्ज की गई। स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह ने बताया कि वर्तमान में उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं बांग्लादेश में अलग-अलग तीन चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं। दक्षिण कर्नाटक से पूर्वी विदर्भ तक एक द्रोणिका गुजर रही है। इन मौसम प्रणालियों की वजह से उत्तर व उत्तर-पूर्व से आ रहीं सर्द हवाओं के साथ नमी भी आ रही है। इसी कारण ग्वालियर सहित आसपास के जिलों में कोहरा, बादल, शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। तीव्र ठंड की यह स्थिति अगले एक से दो दिन और बनी रह सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद

   

सम्बंधित खबर