राज्य में सरकार बनने पर बेरोजगारों को एक वर्ष में रोजगार उपलब्ध कराएगा जन सुराज: प्रशांत किशोर

-15 वर्ष तक के बच्चों को मुफ्त शिक्षा और साठ वर्ष से अधिक के वृद्ध लोगों को दो हजार पेंशन

पटना, 04 जुलाई (हि.स.)। जन सुराज के संस्थापक और पदयात्रा अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने गुरुवार को कहा कि बिहार में जन सुराज की सरकार बनने पर एक वर्ष के भीतर सभी बेरोजगारों को रोजगार का साधन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही देश के दूसरे राज्यों में मजदूरी कर रहे सभी बिहारियों को वापस बुलाकर बिहार में ही रोजगार दिया जाएगा।

प्रशात किशोर आज सुपौल और अररिया जिले के विभिन्न इलाकों में आयोजित जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गरीबी का सबसे बड़ा कारण अच्छी शिक्षा का नहीं होना है। जन सुराज सभी प्रखंडों में नेतरहाट से भी बेहतर विद्यालयों की स्थापना कर पन्द्रह वर्ष तक के सभी बच्चों को मुफ्त शिक्षा उपलब्ध करायेगा और साठ वर्ष से अधिक उम्र वाले लोगों को वृद्धा पेंशन के रूप में दो हजार रुपये मासिक पेंशन देगा।

प्रशांत किशोर ने यह भी स्पष्ट घोषणा की है कि बीस वर्ष से पैंतालीस वर्ष के प्रत्येक बेरोजगारों को रोजगार करने के लिए पर्याप्त धन और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही कहा कि बिहार की सभी सरकारों ने बिहार के लोगों के कल्याण के लिए कुछ भी नहीं किया। कांग्रेस, राजद, जदयू और भाजपा की सरकार वर्षों से यहां चलती रही है लेकिन इन सरकारों ने मजदूरों के पलायन पर काबू नहीं पाया। शिक्षा की अच्छी व्यवस्था नहीं की और खेती-किसानी को घाटे का कारोबार बना दिया। इस कारण बिहार देश का सबसे अशिक्षित, सबसे गरीब और सबसे अधिक बेरोजगारी वाला प्रदेश बन गया। इसे मजदूर सप्लाई करने वाला राज्य बना दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ गोविन्द/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर