बॉडी बैग घोटाले में मुंबई की पूर्व महापौर किशोरी पेडणेकर को ईडी का समन

मुंबई, 19 जनवरी (हि. स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोरोना कालखंड में बॉडी बैग घोटाला मामले में शुक्रवार को तत्कालीन महापौर किशोरी पेडणेकर को समन भेजकर 25 जनवरी को पूछताछ के लिए पेश होने का आदेश दिया है। इससे पहले भी पेडणेकर को इस मामले में पिछले साल 8 नवंबर को तलब किया था।

जानकारी के अनुसार ईडी की जांच में दावा किया गया है कि एक कंपनी कथित तौर पर कोविड के शवों के लिए दूसरी कंपनी को दो हजार रुपये में बॉडी बैग उपलब्ध करा रही थी और वह कंपनी आगे वही बॉडी बैग केंद्रीय खरीद विभाग को 6,800 रुपये में उपलब्ध करा रही थी। इसका कांट्रैक्ट कथित तौर पर तत्कालीन मुंबई की महापौर किशोरी पेडनेकर ने हस्ताक्षरित किया था। इसी मामले की गहन छानबीन ईडी की टीम कर रही है। इस मामले में ईडी ने उद्धव ठाकरे ग्रुप के सूरज चव्हाण को गिरफ्तार किया है।

कोरोना कालखंड में मुंबई नगरनिगम की ओर से मरीजों के लिए उपचार केंद्र बनाने, औषधि खरीदने और बॉडी बैग की खरीदी में घोटाला होने आरोप भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष किरीट सोमैया ने लगाया था। उन्होंने ईडी और मुंबई पुलिस से इस मामले की जांच करने की मांग की थी। इसी आधार पर ईडी और मुंबई पुलिस इस मामले की गहन छानबीन कर रही हैं।

किशोरी पेडणेकर ने पत्रकारों को बताया कि उन्हें अभी तक ईडी का समन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि शिंदे समूह में शामिल होने के लिए उनपर दबाव बनाया जा रहा है, जबकि उनका इस मामले में लेना देना नहीं है। फिर भी वे जांच में सहयोग कर रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर/सुनील

   

सम्बंधित खबर