राम लला की प्रतिमा का अभिषेक पुष्कर के गुलाब जल से भी होगा

अज़मेर,20 जनवरी (हिस)। अयोध्या में लगाई गई रामलला की प्रतिमा के अभिषेक में पुष्कर का गुलाब जल से भी लिया जाएगा। अभिषेक के लिए विभिन्न तीर्थ क्षेत्रों से जल मंगवाया गया है। पुष्कर का गुलाब जल कपालेश्वर महादेव मंदिर के महंत सेवानंद गिरि ने विश्व हिन्दू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक दिनेश भाई को सौंपा है।

महंत गिरि ने बताया कि श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने पुष्कर के गुलाब जल को विशेषतौर से मंगवाया है। उन्होंने बताया कि वे जन्मभूमि आंदोलन से पिछले 30 वर्षों से जुड़े हुए हैं। जब वे संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय वाराणसी में अध्ययन करते थे, तब भी आंदोलन में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेते रहे। तत्कालीन मुलायम सिंह सरकार ने गिरफ्तार कर बलिया जेल में डाल दिया। 14 दिन बाद जेल से रिहा होते ही आंदोलन से जुड़ गए। उन्होंने बताया कि पंच दशनाम जूना अखाड़े के महंत होने के नाते वे अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद से भी जुड़े हुए हैं। उन्हें खुशी है कि अब अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो गया है और 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में वे स्वयं भी शामिल हो रहे हैं।

राजस्थान से जो चुनिंदा साधु संत प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आमंत्रित किए गए हैं उनमें पुष्कर स्थित निर्मल आश्रम के महंत डॉ. रामेश्वरानंद भी शामिल हैं। अयोध्या पहुंचने पर डॉ. स्वामी ने बताया कि पूरा अयोध्या राममय हो गया है, जगह जगह भगवा झंडे लगे हुए हैं। अयोध्या वासियों के अलावा आमंत्रित व्यक्तियों को ही अयोध्या में रहने का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हो रहे हैं, इसका उन्हें गर्व है।

हिन्दुस्थान समाचार/संतोष/संदीप

   

सम्बंधित खबर