प्राण प्रतिष्ठा में आने वाले श्रद्धालुओं से शिष्टतापूर्वक व्यवहार किया जाए : डीजीपी

लखनऊ, 20 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं से पुलिस शिष्टतापूर्वक व्यवहार करे। यह आदेश उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक विजय कुमार ने शनिवार को वीडियो काफ्रेंसिंग के जरिए मातहतों को दिए हैं।

डीजीपी ने कहा कि प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में काफी संख्या में दर्शनार्थी पहले से ही अयोध्या में मौजूद हैं। जो धार्मिक स्थलों, धर्मशालाओं एवं आश्रमों में ठहरे हैं। उन जगहों के प्रबंधकों को पहले से सूचित कर अनुरोध कर लिया जाए कि सभी लोग एक साथ दर्शन के लिए न जाएं। क्रमवार तरीके से दर्शन कराए जाएं।

उन्होंने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सभी चेक पोस्टों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। इण्डो-नेपाल बार्डर, इन्टर स्टेट बार्डर तथा जनपद अयोध्या एवं सीमावर्ती जनपदों की सीमाओं पर गहनता से चेकिंग हो। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति से सम्बन्धित वाहनों की सेवाओंं को बाधित न किया जाए।

अयोध्या धाम दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं से शिष्टतापूर्वक व्यवहार किया जाए। साथ ही सरयू नदी में जल पुलिस की तैनाती हो। धाम में आने वाले दर्शनार्थियों को यातायात की भी दिक्कत न हो, इसका भी ध्यान रखा जाए। पार्किंग तथा यातायात आदि की व्यवस्था पहले सुनिश्चित कर ली जाए।

हिन्दुस्थान समाचार/दीपक/दिलीप

   

सम्बंधित खबर