यमुनानगर: रादौर विधानसभा से इनेलो से घोषित उम्मीदवार श्याम सिंह राणा ने पार्टी छोड़ी

-पांच जुलाई को चंडीगढ़ में भाजपा में होंगे शामिल

-2014 में भाजपा से रह चुके है विधायक

यमुनानगर, 2 जुलाई (हि.स.)। आगामी अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए इनेलो पार्टी से रादौर से घोषित उम्मीदवार एवं पूर्व भाजपा विधायक ने एक बार फिर भाजपा में शामिल होने का ऐलान कर दिया। उनके इस ऐलान से इनेलो के लिए एक बड़ा राजनैतिक झटका माना जा रहा है। वह पांच जुलाई को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सैनी की उपस्थिति में भाजपा में शामिल होंगे।

मंगलवार को श्याम सिंह राणा ने बताया कि अपने कार्यकर्ताओं के फैसले के आगे मैंने फिर से भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि विधायक रहते हुए अपने समय में उन्होंने रादौर विधानसभा में पुल, सड़कें, धर्मशालाएं अंडेबकर भवन जैसे बहुत से विकास करवाए थे। उन्होंने बताया कि इनेलो पार्टी में भी उन्हें पार्टी सुप्रीमो और इनेलो कार्यकर्ताओं ने पूरा सम्मान दिया। वहीं इनेलो पार्टी की और से उन्हें आने वाले अक्टूबर 2024 के विधानसभा चुनाव के लिए रादौर से उम्मीदवार भी घोषित कर दिया गया है। उनका कहना है कि अपने कार्यकर्ताओं के फैसले के कारण मैने फिर से भाजपा में जाने का निर्णय लिया है।

गौरतलब है कि 2007 में श्याम सिंह राणा भाजपा में शामिल हुए थे और वे दो बार भाजपा के जिला अध्यक्ष भी रहे। 2009 में उन्होंने रादौर से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा पर चुनाव हार गए थे। इसके बाद एक बार फिर 2014 में इन्होंने पार्टी की और से चुनाव लड़ा और जीत कर विधायक बने और भाजपा की प्रदेश सरकार में संसदीय सचिव बनाए गए। 2019 में पार्टी ने इन्हें टिकट न देकर कर्णदेव कांबोज को रादौर से टिकट दे दिया। जिसके चलते श्याम सिंह राणा नाराज हो गए और भाजपा को छोड़कर इनेलो में शामिल हो गए थे।

हिन्दुस्थान समाचार/अवतार/संजीव

   

सम्बंधित खबर