शनिवार से ममता बनर्जी का जनसंपर्क अभियान शुरू

कोलकाता, 20 जनवरी (हि.स.)। लोकसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज यानि शनिवार से एक और महत्वाकांक्षी जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत राज्य सरकार की ओर से पहले से चलाई गई दुआरे सरकार और अन्य अभियानों के तहत जिन लोगों को राज्य सरकार की सुविधाओं का लाभ नहीं मिला है उन्हें विभिन्न सरकारी सुविधाओं का लाभ दिया जाएगा।

राज्य सचिवालय सूत्रों ने बताया है कि इस अभियान के तहत 12 फरवरी तक 20 सरकारी परियोजनाओं का लाभ लोगों को दिया जाएगा। इसमें खास तौर पर जाति प्रमाण पत्र, दिव्यांग सर्टिफिकेट, स्वास्थ्य साथी, कन्याश्री, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, वृद्धा पेंशन, लक्ष्मी भंडार, कृषक बंधु सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी सरकारी सुविधा से वंचित न रहे। इसके लिए प्रत्येक गांव में यह अभियान चलेगा। इसके लिए आज से इस अभियान से जुड़े सरकारी कर्मचारियों की सारी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गत बुधवार को राज्य सचिवालय में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान इस अभियान की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि 20 जनवरी से 12 फरवरी के बीच प्रत्येक बूथ पर तीन सरकारी कर्मचारी होंगे जो लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में मदद करेंगे। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर