मंदसौर हुआ राममय, श्री राम प्राण प्रतिष्ठा पर पशुपतिनाथ मंदिर घाट 61 हजार दीपक से चमकेगा

आतिशबाजी, फायर शो, लेयर शो के साथ ड्रोन से होगी फोटोग्राफी

मंदसौर, 21 जनवरी (हि.स.)। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर रविवार शाम को मंदसौर शहर में भगवा पताकाओ के साथ विशाल वाहन रैली निकाली गई। बड़ी संख्या में महिला पुरुष राम भक्त दोपहिया वाहनों पर सवार होकर हाथों में भगवा ध्वज लहराते हुए शहर के मुख्य मार्ग से निकले। रैली में शामिल सभी राम भक्तों में खासा उत्साह देखा गया।

22 जनवरी को अयोध्या में होने वाली भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के पावन उत्सव के दौरान पशुपतिनाथ मंदिर मंदसौर में विशेष प्रोग्राम आयोजित किये जाएगें। 22 जनवरी को प्रात: 8 बजे रामधुन स्मरण, प्रात: 11.15 बजे श्री राम आरती, 11.30 बजे अयोध्या राम जन्मभूमि से लाइव प्रसारण, शाम 5 बजे श्री राम मंदिर शिवनाघाट महा आरती, शाम 6 बजे सवा सौ क्विंटल प्रसादी वितरण, शाम 6.30 बजे मंदिर घाट पर 61 हजार दीप जलाए जाएंगे एवं शाम 7 बजे आतिशबाजी, डिजिटल आतिशबाजी, फायर शो और लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। साथ ही इन सभी कार्यक्रम की ड्रोन से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की जाएगी।

भक्तों को राममंदिर, लंका दहन, अशोक वाटिका की मनोरम झाकियों के होंगे दर्शन

श्री बड़े बालाजी मंदिर पुराना बस स्टैंड मंदसौर पर 22 जनवरी, सोमवार को अयोध्या में श्री राम मंदिर उद्घाटन को महापर्व के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन को आनन्द महोत्सव के रूप में मनाते हुए बड़े बालाजी मंदिर पुराना बस स्टेण्ड पर पर भव्य आयोजन होंगे। मंदिर क्षेत्र को भगवा पताकाओं से सजाया गया है तथा राममंदिर, लंका दहन, अशोक वाटिका की मनोरम झांकियों के दर्शन भक्तों को होंगे। 11 क्विंटल नुक्ती के प्रसाद का वितरण भी होगा जिसको लेकर तैयारियां चल रही है।

उक्त जानकारी देते हुए समिति अध्यक्ष पं. दिलीप शर्मा, प्रवक्ता रवि ग्वाला ने बताया कि लगभग 500 वर्षों के बाद भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हो रहा है और यह सनातन भक्तों को समर्पित होगा। इसी खुशी के स्वरूप मंदिर समिति 22 जनवरी को प्रातः से संध्या तक उत्सव आनंद महोत्सव बनाया जाएगा। जिसमे हरिहर भक्त मंडल उज्जैन द्वारा सुंदरकांड व उद्घाटन के समय भगवान श्री राम, लक्ष्मण, माता सीता व बालाजी महाराज की भव्य शाही महाआरती होगी। महाआरती में ढोल धमाके आतिशबाजी व कई भव्य रंगारंग सांस्कृतिक आयोजन होंगे। तथा बालाजीं को 11 क्विंटल नुकती का भोग लगाकर भक्तों में प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/अशोक झलौया/मुकेश

   

सम्बंधित खबर