सृष्टि रचयिता भगवान ब्रह्मा की तपोस्थली पुष्कर में मन रही दीवाली'

अजमेर, 22 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में भगवान श्री राम के बाल स्वरूप मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में पूरे देश भर में मनाई जा रही दीपावली में राजस्थान की हृदयस्थली अजमेर और भगवान ब्रह्मा की नगरी पुष्कर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। भक्तों में जबरदस्त उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। सोमवार, 22 जनवरी को अयोध्या में भव्य मंदिर में भगवान राम विराजित हो गए। पूरा भारत राममय हो रहा है। लोगों ने स्वेच्छा से अपने घर, गली, बाजार और मंदिरों को सजाया है। गली-गली प्रभात फेरियां निकाली गईं हैं। दोपहर को प्राण-प्रतिष्ठा के समय मंदिर में पूजा-अर्चना और प्रसाद का वितरण किया गया। सनातन धर्म को मानने वाले हर व्यक्ति ने टीवी पर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण देखा। घर परिवार की महिलाएँ दिन भर धार्मिक अनुष्ठानों में व्यस्त रही। लोगों का कहना रहा कि ऐसा धार्मिक जज्बा इससे पहले कभी देखने को नहीं मिला।

अयोध्या में भगवान राम के आने की खुशी में तीर्थगुरु पुष्कर के हर आंगन को सजाने की हौड़ मची देखी गई। प्रत्येक घर-प्रतिष्ठान के साथ पूरे पुष्कर शहर को सजाने के लिए खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रामलला के आने की खुशी में विश्व प्रसिद्ध ब्रह्मा मंदिर में विशेष सजावट की गई तो वही पुष्कर में भव्य ऐतिहासिक कलश यात्रा व भगवान राम की राम बारात निकाली गई। गाजे बाजे के साथ सुबह 9.30 बजे जाट विश्राम स्थली से कलश यात्रा व राम बारात गाजे बाजे के साथ निकली। कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं शामिल हुईं तथा बड़ी उत्साह के साथ भगवान राम के जयकारे लगाती हुई चलती रहीं। लोगों ने जगह-जगह कलश यात्रा व राम बारात का फूलों की वर्षा से स्वागत किया। राम बारात व कलश यात्रा जाट विश्रामस्थली से शुरू हुई जो ब्रह्मा मंदिर ब्रह्म चौक, गऊ घाट, बद्री घाट, वराह घाट चौक, सूर्य चौक, होती हुई रामधाम नोखंडीय बालाजी पर संपन हुई। जहां जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कलश यात्रा और राम बारात की अगवानी कर आरती उतारी इस दौरान जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि यह ऐतिहासिक पल है इसे कभी नहीं भूल सकते और आज जो पुष्कर में कलश यात्रा व राम बारात निकाली गई वह काफी ऐतिहासिक रही। उन्होंने सभी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई दी। कलश यात्रा व राम बारात का रामसखा महाराज के महंत नंदा राम जी महाराज ने अगवानी कर उनकी आरती उतारी और सभी का माला पहनाकर दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया। भक्तों को प्रसाद वितरण किया।

होगी महाआरती.............

शाम को ब्रह्मा जी व गायत्री का मनमोहक श्रृंगार कर महाआरती की जाएगी। ब्रह्मा मंदिर के व्यवस्थापक अरूण पाराशर ने बताया कि जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित अस्थायी मंदिर प्रबंध कमेटी की ओर मंदिर में फूल-मालाओं तथा रंग-बिरंगी लाइटों की रोशनी से भव्य सजावट की गई है। शाम को मंदिर में घी के दीपक जलाएं जाएंगे एवं संगीतमय भजन-कीर्तन हुआ। पुजारी कृष्ण गोपाल वशिष्ठ ने बताया कि इस मौके पर सुबह ब्रह्मा जी का अभिषेक कर मनमोहक श्रृंगार किया गया तथा शाम को महाआरती की जाएगी।

आयोजन समिति के नगर प्रमुख नंदकिशोर भोमिया ने बताया कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के कस्बे में सैकड़ों महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। सुबह जाट विश्राम स्थली से 2 बग्घियों, 5 घोडिय़ों पर भगवान राम दरबार के स्वरूप के साथ 3 बैंड बाजे के पार्टी के बीच शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें रामभक्त ध्वज पताका, झंडिया के साथ नृत्य करते हुए चलें। शोभायात्रा के आगे आगे महिलायें कलश लेकर निकली। जाट विश्राम स्थली से ब्रह्मा मंदिर बाजार, ब्रह्म चौक, सदर बाजार, वराह घाट चौक, नये रंगजी मंदिर से होती गायत्री शक्ति पीठ कन्या महाविद्यालय रामधाम पहुंचने पर सम्पन्न हुई। इस दौरान जगह जगह पुष्करवासियों द्वारा यात्रा का आरती व पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। शाम को 52 घाटों पर दीपदान व 5 मुख्य घाटों पर सरोवर की महाआरती का आयोजन किया जायेगा। साथ ही पुलिया के पीछे भव्य आतिशबाजी की जायेगी। श्री तीर्थ पुरोहित संघ के तत्वाधान में पवित्र सरोवर के ब्रह्म घाट पर शाम को भव्य भजन संध्या वह महाआरती का आयोजन किया जाएगा इस अवसर पर ब्रह्म घाट को भव्य सजाया गया तो वही शाम को महा आरती का भी आयोजन किया जाएगा

हिन्दुस्थान समाचार/संतोष/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर