अनूपपुर: भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हुए हमले के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, जलाया पोस्टर

पुष्पराजगढ़ में कांग्रेस का धरना प्रदर्शन

युवा कांग्रेस अनूपपुर में, पुष्पराजगढ़ में कांग्रेस ने दिया धरना प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

अनूपपुर, 23 जनवरी (हि.स.)। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के असम पहुंचने पर यात्रा में हमला किया गया, जिसके विरोध में मंगलवार को पूरे देश में कांग्रेस के सभी संगठनों ने प्रदर्शन करते हुए पोस्टर लेकर भारतीय जनता पार्टी और असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर पुतला जलाया। जिला मुख्यालय अनूपपुर में युवा कांग्रेस ने इंदिरा तिराहा में भारतीय जनता पार्टी और असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के पोस्टर को जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। पुष्पराजगढ़ जनपद मुख्यालय राजेंद्रग्राम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं विधायक पुष्पराजगढ़ सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं के द्वारा धरना प्रदर्शन करते हुए इस पर आक्रोश जताया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह ने भाजपा के द्वारा किए गए इस हमले को कायराना हरकत बताते हुए विपक्ष के नेताओ की सुरक्षा पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी ने मणिपुर में हुई हिंसा में घायल लोगों को इंसाफ दिलाने के लिए एक अच्छे उद्देश्य को लेकर मणिपुर से मुंबई तक भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत की है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को पूरा नही होने देना चाहते। यात्रा के असम पहुँचने पर भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के इशारे पर भाजपा के गुंडों द्वारा हमला कर, यात्रा को विवादित किया जा रहा है। जिससे राहुल गांधी अपनी यात्रा पूरी न कर सके और परेशान होकर यात्रा को मजबूरन बन्द कर दिया जाए।

पुष्पराजगढ़ विधायक फुदेलाल सिंह ने कहा की भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा असम में कांग्रेस नेताओं पर हमला करते हुए उनकी गाड़ी पर लगे हुए झंडे फाड़ दिए गए। विपक्ष पर भाजपा के द्वारा यह सुनियोजित घटना को भारत जोड़ो न्याय यात्रा को विफल करने के उद्देश्य से ऐसा किया गया है। भाजपा सरकार राहुल गांधी की लोकप्रियता से डरी हुई है जिसके कारण वह ऐसा कृत्य कर रही है।

युवा जिलाध्यक्ष ने अनूपपुर में कहा कि राहुल गांधी ने साफ कहा है कि गांधी किसी से डरने वाले नही, जो संकल्प उन्होंने लिया है चाहे उस पर कितनी भी रुकावटे आये वह यात्रा को पूरा करके ही रहेंगे। युवा कांग्रेस के लोग अपने नेता के साथ खड़े है। यदि भाजपा ने अपना षड्यंत्र बंद नहीं किया तो अभी सिर्फ अनूपपुर जिले में प्रदर्शन हुआ है, इसके बाद हम राष्ट्रीय स्तर भी उग्र आंदोलन करने के लिए तैयार है।

राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह के नेतृत्व में पुष्पराजगढ़ विधायक फुदेलाल सिंह एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम पुष्पराजगढ़ एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख करते हुए मांग की गई है कि असम के लखीमपुर में राहुल गांधी के साथ ही कांग्रेस के अन्य नेताओं पर भाजपा कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारी के द्वारा भारत जोड़ो न्याय यात्रा के काफिले पर हमला कर वाहनों में तोड़फोड़ करते हुए वाहनों के पोस्टर फाड़ दिए गए। जिससे भाजपा सरकार भारत जोड़ो न्याय यात्रा की सफलता से तिलमिला गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ राजेश शुक्ला/मुकेश

   

सम्बंधित खबर