गणतंत्र दिवस पर मंत्री आशीष पटेल ने फहराया तिरंगा, दी शुभकामनाएं

- सरकारी व गैर सरकारी व स्कूलों में फहराया ध्वज

मीरजापुर, 26 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले आशीष पटेल ने शुक्रवार को 75वें गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर परेड की सलामी ली और उपस्थित जन समूह को संबोधित किया।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी से सक्षम, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

गणतंत्र दिवस पर सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों सहित विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के कार्यालय में तिरंगा झंडा फहराया गया। जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। पथरहिया स्थित आयंक्त कार्यालय आयुक्त डा. मुथुकुमार स्वामी बी एवं कलेक्टेट कार्यालय पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने विधिवत झंडा फहराया।

नारघाट स्थित शहीद उद्यान में वीर शहीदों को नमन करते हुए माल्यार्पण किया गया। तिरंगा फहराने के बाद लोगों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया। जिला मुख्यालय, जिला निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानी, नगर पालिका परिषद घंटाघर, मंडलीय अस्पताल आदि को तिरंगा रोशनी से सजाया गया है।

गणतंत्र दिवस पर जनपद में विविध कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, गिरजाघर, जैन मंदिर और बौद्ध मंदिरों में पूजा अर्चना व इबादत की गई। क्षेत्रीय क्रीड़ा विभाग की ओर से सुबह भरुहना के जीडी बिनानी कालेज से क्रास कंट्री रेस का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी निकाली गई और शहीद उद्यान में वीर शहीदों का माल्यार्पण किया गया।

स्कूली बच्चों ने निकाली प्रभात फेरी

गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगर के विद्यालयों के बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली। बच्चों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और भगत सिंह अमर रहे का जयघोष करते हुए नगर का भ्रमण किया।

हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/राजेश

   

सम्बंधित खबर