लोकतंत्र की जननी है भारत, देश की गौरवगाथा पर गर्व : आनंदीबेन पटेल

लखनऊ, 26 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि आज का दिन प्रत्येक भारतीय को देश की गौरवगाथा पर गर्व करने का अवसर प्राप्त करता है। जब हम गणतंत्र दिवस मनाते हैं, तब एक राष्ट्र के रूप में हमने मिल-जुलकर जो उपब्धियां प्राप्त की है, उसका हम उत्सव मनाते हैं। संविधान के लागू होने के दिन से लेकर आज तक हमारी यात्रा अद्भुत रही है। भारत को लोकतंत्र की जननी कहा जाता है, फिर भी हमारा आधुनिक गणतंत्र युवा है। खुशी है कि उत्तर प्रदेश दिवस, पर्यटन दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे अवसर हमसब मना रहे हैं।

यह कालखंड भारत के विकास का है अमृत काल

गणतंत्र दिवस पर राजभवन के गांधी सभागार में उत्तर प्रदेश दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित प्रतिभा अलंकरण समारोह को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय पर्व के उत्सव का केंद्र है। अयोध्या में श्रीराम के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा नहीं हुई है, बल्कि यह श्रीराम के रूप में साक्षात भारतीय संस्कृति के प्रति अटूट विश्वास एवं साक्षात मानवीय मूल्याें और सर्वोच्च आदर्शों के बीच प्राण प्रतिष्ठा की गई है। उत्तर प्रदेश मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और लीलाधारी श्रीकृष्ण की जन्मभूमि है। यह तथागत गौतम बुद्ध और गंगा-यमुना की पावन भूमि भी है। उत्तर प्रदेश अपनी स्थापना का दिवस एक नए संकल्प के रूप में आयोजित कर रहा है। इसकी थीम समृद्ध आध्यात्मिक व सांस्कृतिक समृद्धि है। वाकई यह थीम आज के परिप्रेक्ष्य में बेहद प्रासंगिक है। यह कालखंड भारत के विकास का अमृत काल भी है।

परंपरा की पवित्रता और आधुनिकता की अनंतता पथ पर चलकर समृद्धि के लक्ष्य तक पहुंचेगा भारत

राज्यपाल ने कहा कि भारत आज युवा शक्ति की पूंजी से भरा हुआ है, ऊर्जा से भरा हुआ है। ऐसी सकारात्मक परिस्थितियां फिर ना जाने कितने समय बाद आएगी। हमें अब चूकना नहीं है, हमें अब बैठना नहीं है। आपके सामने हजारों वर्षों की परंपरा की प्रेरणा है। आप भारत की उस पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो चांद पर तिरंगा लहरा रही है, जो सूर्य के पास जाकर मिशन आदित्य को सफल बना रही है, जो आसमान में तेजस और सागर में विक्रांत का परचम लहरा रही है। अब अपनी विरासत पर गर्व करते हुए आपको भारत का नवप्रभात लिखना है। परंपरा की पवित्रता और आधुनिकता की अनंतता दोनों ही पथ पर चलते हुए भारत समृद्धि के लक्ष्य तक पहुंचेगा।

देश के विकास में ग्रोथ इंजन का कार्य कर रहा यूपी

राज्यपाल ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश का बहुआयामी विकास न्यू इंडिया में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उत्तर प्रदेश पिछले पांच वर्षों में हर क्षेत्र में विकास के मानदंड स्थापित किए है। उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनने के साथ देश की दूसरी अर्थव्यवस्था के रूप में देश के विकास में ग्रोथ इंजन का कार्य कर रहा है। राष्ट्रीय आय में उत्तर प्रदेश 9.2 प्रतिशत का योगदान कर रहा है। प्रदेश की बेहतर ब्रांडिंग, व्यापार अनुकूल माहौल, निर्यात प्रोत्साहन के प्रयासों से आज निर्यात 1.74 लाख करोड़ रुपये के पार है। प्रदेश में वर्ष 2022-23 में लगभग 31.8 करोड़ पर्यटकों का आगमन हो चुका है। इससे उत्तर प्रदेश सर्वाधिक पर्यटकों वाला प्रदेश बन चुका है।

गन्ना किसानों के लिए खुलेगा नई संभावनाओं के द्वार

केंद्र व प्रदेश सरकार जन-जन के जीवन स्तर को सुधारने के लिए कृत संकल्पित है। आजादी के अमृत काल में ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी तेजी से बदलाव हो रहा है। आने वाला वर्ष उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के लिए नई संभावनाओं का द्वार खुलेगा। जिस प्रदेश को कभी देश के विकास में एक रूकावट के रूप में देखा जाता था, वही प्रदेश आज देश के बड़े अभियानाें को नई दिशा दे रहा है और लक्ष्य को हासिल करने में अग्रणी भूमिका निभाई है।

निवेश के लिए सबसे पसंदीदा प्रदेश बनकर उभरा उत्तर प्रदेश

अपनी संस्कृति को समृद्ध करने के लिए प्रतिबद्ध उत्तर प्रदेश दूसरे राज्यों के लिए मिसाल है। उत्तर प्रदेश सरकार तन-मन से इस काम में जुटी हुई है। उत्तर प्रदेश आज निवेश के लिए सबसे पसंदीदा प्रदेश बनकर उभरा है। विकास यात्रा जनभागीदारी के बिना पूरी नहीं हो सकती है। राष्ट्र के विकास में हर नागरिक का महत्व है। आने वाला समय अब सफलता और सिद्धि का है। आइए हम सब एक भारत-श्रेष्ठ भारत, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए संकल्पित हों।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/राजेश

   

सम्बंधित खबर