संविधान के लिए सबसे बड़ा खतरा इंडी गठबंधन : केशव प्रसाद मौर्य

कौशाम्बी, 01 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कौशांबी में विपक्ष पर जमकर हमला बोला। वह कौशांबी में भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार विनोद सोनकर के नामांकन से पहले हुई सभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि विपक्षी मोहब्बत नहीं झूठ की दुकान चला रहे हैं। वे संविधान पर खतरे की बात कह रहे हैं। असल में सपा, बसपा और कांग्रेस का राजनीतिक अस्तित्व खतरे में है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान के लिए सबसे बड़ा खतरा तो इंडी गठबंधन वाले ही हैं। इन्होंने देश की चुनी हुई सौ से ज्यादा सरकारों को बर्खास्त किया है। इन्होंने संविधान से खिलवाड़ किया है। जनता इन्हें माफ करने वाली नहीं है। देश एवं प्रदेश की जनता मोदी के लिए ईवीएम से कमल को लबालब करने जा रही है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2014 प्रधानमंत्री मोदी के नाम की लहर चल रही थी फिर 2019 में मोदी के नाम की आंधी थी, लेकिन 2024 मोदी के नाम की सुनामी चल रही है। सपा समाप्तवादी पार्टी बन जाएगी। बसपा और कांग्रेस का राजनीतिक अस्तित्व खतरे में आ गया है। भाजपा यूपी में सभी 80 सीटों पर जीत दर्ज करने जा रही है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार भाजपा की महाविजय होगी। यूपी की सभी सीटें भाजपा जीतने जा रही है। मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। पहले भारत दुनिया के पीछे चलता था। अब दुनिया भारत के पीछे चलेगी। इसके लिए मोदी को प्रधानमंत्री बनाना जरूरी हो गया है। यूपी में सपा, बसपा और कांग्रेस का खाता तक नहीं खुलेगा। पूरा विपक्ष मोदी को गद्दी से हटाने के लिए एकजुट हो गया है लेकिन जनता मोदी के साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ी है।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/दिलीप

   

सम्बंधित खबर