जनता ने मन बना लिया है, खड़गे के दौरे से नही पड़ेगा कोई फर्क : महेंद्र भट्ट

देहरादून, 27 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के देहरादून आगमन के बाबत कहा कि देवभूमि की जनता ने लोकसभा चुनाव को लेकर अपना मन बना लिया है और अब किसी की आवाजाही से फर्क नही पड़ने वाला है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने एक जारी बयान में कहा कि देवभूमि में कांग्रेस के नेताओं की आवाजाही से आमजन में न कोई उत्साह और प्रतिक्रिया है, क्योंकि जनता ने अपना मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब तक अपने चुनाव एजेंडे पर शत प्रतिशत खरी उतरती रही है, जबकि कांग्रेस के किसी भी वायदे पर जनता को भरोसा नही है।

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे की ओर से चुनावी सभा को देवभूमि से करने को सौभाग्य बताने पर तंज कसते हुए कहा कि जो देव और सनातन को सम्मान न करते हों, उनके लिए यह महज नौटंकी भर है। अन्य राज्यों की अपेक्षा राज्य की कानून व्यवस्था बेहतर है। भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य के कड़े कानून आज देश के अन्य राज्य भी गंभीरता से अपने यहां लागू करने के लिए अध्ययन कर रहे हैं।

अध्यक्ष भट्ट ने परेड ग्राउंड को मुद्दा बनाने पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस भाजपा पर आरोप लगाकर सहानुभूति और सुर्खियां बटोरने की कोशिश में लगी थी और भीड़ जुटने की आशंका के चलते उसने बन्नू मैदान फाइनल कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य का चहुंमुखी विकास हो रहा है। रोजगार सृजन, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक कल्याण, सुरक्षा एवं प्रति व्यक्ति समृद्धता सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व बदलाव का गवाह प्रदेश की जनता बन रही है। धर्मांतरण, नकल कानून, महिला एवं राज्य आंदोलनकारियों के लिए आरक्षण, यूसीसी जैसे अनेकों विषयों पर आज हम बेहतर कर रहे हैं। यही वजह है कि प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री मोदी और सीएम धामी के नेतृत्व में भाजपा को एक बार फिर लोकसभा चुनावों में आशीर्वाद देने जा रही है।

उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे के दौरे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राज्य निर्माण विरोधी और सत्ता में रहते राज्य के विकास विरोधी और आजीवन सनातन विरोधी रही कांग्रेस पार्टी को देवभूमि की जनता कभी माफ नहीं करने वाली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी जनता का मूड भांप चुके हैं। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा सभी राज्यों में हुई, लेकिन उत्तराखंड नही आए। फिर प्रदेश कांग्रेस नेताओं से एक माह तक यात्रा में आने का वादा कर नही पाए। अब न्याय यात्रा निकाल रहे हैं और अब भी बरेली तक आकर ही वापस लौट रहे हैं। उनमें देवभूमि की सनातन प्रेमी जनता का सामना करने का नैतिक साहस नहीं है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस नेताओं को सुझाव देते हुए कहा कि अपने आलाकमान को कहें कि राष्ट्र और संस्कृति विरोधी नीतियों को त्यागें, नही तो उसे देश भर में उसे इसका खामियाजा उठाना पड़ेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

   

सम्बंधित खबर