आईसीएसआई के अध्यक्ष चुने गए सीएस बी नरसिम्हन, उपाध्यक्ष बने धनंजय शुक्ला

b narsimhan and Dhananjay Shukla

कोलकाता, 30 जनवरी (हि.स.)। सीएस बी नरसिम्हन को इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) के अध्यक्ष चुने गए हैं। जबकि धनंजय शुक्ला को उपाध्यक्ष चुना गया है। बी नरसिम्हन संस्थान के फेलो सदस्य हैं एवं अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर हैं। पूंजी बाजार में विशेष विशेषज्ञता के साथ उनके पास कॉर्पोरेट कानून और प्रबंधन में चार दशकों से अधिक का अनुभव है।

कौंसिल सदस्य के रूप में 2023-2026 तक दूसरे कार्यकाल के लिए चुने गए, सीएस बी नरसिम्हन वर्ष 2023 में उपाध्यक्ष पद पर रहे है एवं अब वर्ष 2024 के लिए संस्थान के अध्यक्ष के पद को संभालेंगे। संस्थान की ओर से जारी एक बयान में बताया गया है कि वह वर्ष 2007 में पहली बार आईसीएसआई की केंद्रीय परिषद के लिए चुने गए और वर्ष 2011 में चार साल के दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से चुने गए। अपने वर्तमान कार्यकाल से पहले, वह 2019-2022 के कार्यकाल के लिए केंद्रीय परिषद के लिए भी चुने गए थे, जहां उन्होंने सात वर्षों तक सचिवीय मानक समिति के अध्यक्ष, वित्तीय सेवा समिति के अध्यक्ष और अनुशासन समिति के सदस्य के रूप में कार्य किया है।

उनकी विशेषज्ञता के क्षेत्रों में कॉर्पोरेट एंड सेक्युरिटीज़ मैनेजमेंट, पब्लिक ऑफरिंग ऑफ़ सेक्युरिटीज़ और लिस्टेड कम्पनीज से जुड़ी सभी कॉर्पोरेट एक्शन शामिल हैं, जिसमें ऐसी कॉर्पोरेट कार्रवाइयों से संबंधित संचालन में व्यावहारिक अनुभव भी शामिल है। वह सेबी द्वारा गठित कई समितियों के सदस्य रहे हैं और पांच वर्षों तक दो कार्यकाल के लिए रजिस्ट्रार एसोसिएशन ऑफ इंडिया (जिसे रेन के नाम से जाना जाता है) के अध्यक्ष भी रहे हैं।

वाणिज्य और कानून विषय में स्नातक, सीएस धनंजय शुक्ला, इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया के फेलो सदस्य हैं। वह गुरुग्राम स्थित एक प्रैक्टिसिंग कंपनी सचिव हैं और कॉर्पोरेट कानून, प्रतिभूति कानून और कराधान के क्षेत्रों में प्रैक्टिस कर रहे हैं।

वह 2011-14 की अवधि के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया की उत्तरी भारत क्षेत्रीय परिषद के लिए चुने गए और फिर 2015-18 की अवधि के लिए फिर से चुने गए। उन्होंने उत्तर भारत क्षेत्रीय परिषद में अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न पदों पर कार्य किया और वर्ष 2017 में उत्तर भारत क्षेत्रीय परिषद के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर