रायगढ़ : शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण दो फरवरी को

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों होगा अनावरण

रायगढ़, 31 जनवरी (हि.स.)। देश के लिये परिवार समेत अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले रायगढ़ के सपूत बलिदानी कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण आगामी दो फरवरी को किया जायेगा। सूबे के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के द्वारा बलिदानी विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा, सैन्य जीवन का शिलालेख और स्मृति शिलालेख का अनावरण किया जायेगा। इस गौरवशाली आयोजन के लिये जिला प्रशासन और शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट जुट गया है। इस संदर्भ में बुधवार को जिला प्रशासन और ट्रस्ट के बीच बैठक भी हुई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। कम समय में कार्यक्रम को अद्वितीय बनाने के लिये जिला प्रशासन जोर शोर से तैयारियों में जुट गया है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण स्वयं करने की बात उनके परिजनों से मिलकर की थी। बीते दिनों शहीद के परिजन भी उन्हें अनावरण के लिये आमंत्रित करके आये थे। मुख्यमंत्री दो फरवरी को शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम स्थित शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण करने आ रहे हैं। उनके साथ रायगढ़ विधायक व वित्त मंत्री ओपी चौधरी समेत कुछ और नेता हो सकते हैं। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में करीब पांच हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था के साथ ही भव्य मंच बनाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार 10 अगस्त 2023 को अनावरण कार्यक्रम किसी कारण वश नहीं हो पाया था। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा को शहीद कर्नल विप्लव के परिजनों द्वारा पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर के मूर्तिकार द्वारा बनवाया गया है। मिश्र धातु से निर्मित 280 किग्रा की यह मूर्ति हजारों साल तक क्षरणरहित रहेगी। इस प्रतिमा की स्थापना परिजनों द्वारा 10 माह पहले ही स्टेडियम के बाहर कर दी गई थी।

हिन्दुस्थान समाचार /रघुवीर प्रधान

   

सम्बंधित खबर