कैथल: नप कर्मचारी संघ ने डीएमसी कार्यालय पर किया प्रदर्शन

डीएमसी कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए सफाई कर्मचारी

कैथल, 2 जुलाई (हि.स.)। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा सम्बद्ध सर्व कर्मचारी संघ ने मंगलवार को समझौते लागू न करने और वादा खिलाफी के विरोध में मंगलवार को डीएमसी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया और अपनी मांगों का ज्ञापन दिया। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला सचिव गौरव टांक ने की।

प्रदर्शन में बोलते हुए नप कर्मचारी संघ के राज्य मुख्य संगठनकर्ता व एसकेएस के जिला प्रधान शिवचरण, जिला सचिव मास्टर रामपाल शर्मा, गौरव टांक व विक्की टांक ने कहा कि राज्य सरकार व उसका प्रसाशन लगातार सफाई कर्मचारियों की अनदेखी कर रहा है। डीएमसी ने 24 जनवरी को संगठन के साथ हुई मीटिंग में मांगों को जायज मानते हुए उन्हें 15 दिन में पूरा करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद कर्मचारियों ने अपना आंदोलन वापस ले लिया था। बावजूद इसके 6 महीने के बाद भी मांगों का समाधान नहीं हुआ। जिस कारण बार-बार धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है। जिले के छह ब्लाकों में लगभग 200 कर्मचारी 2 साल से डोर टू डोर ठेके पर अपना काम कर रहे हैं। इसके बाद भी ठेकेदार न तो उन्हें समय पर वेतन देता है और ना ही उन्हें साप्ताहिक छुट्टी दी जाती है।

छुट्टी लेने पर सफाई कर्मचारियों का वेतन काट लिया जाता है। सरकार के पत्थर के बाद भी 14 महीने से सफाई कर्मचारियों को ना तो जूते मिले हैं, न ही डिटेल साबुन मिला है। सफाई कार्य के दौरान कर्मचारियों को मास्क व दस्ताने भी पूरे नहीं दिए जा रहे। अगर जल्द ही उनकी मांगे नहीं मानी गई तो वह बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। सफाई कर्मचारी नेताओं ने कहा कि 29 अक्टूबर 2022 में 11 दिनों तक की गई सफल हड़ताल के दवाब मे शहरी स्थानीय निकाय मन्त्री के साथ समझौता हुआ था, लेकिन आज तक समझौते में बनी समिति के बाद मांगों को पूरा नहीं किया गया। आने वाले दिनों में नगर पालिका में काम कर रहे सफाई कर्मचारी इसका जवाब देंगे। प्रदर्शन में नगरपालिका कर्मचारी संघ से ब्लॉक प्रधान बिट्टू बहोत, पूर्व प्रधान महेन्द्र बिड़लान, धर्मेन्द्र कुमार, रामदेव, सोनू कल्याण, सूरज कल्याण, सुरेश कुमार, अमित गिल, सतीश कुमार, सरोज, बीना रानी ने हिस्सा लिया।

हिन्दुस्थान समाचार/नरेश /संजीव

   

सम्बंधित खबर