कोहरा के कारण पांच वाहन आपस में टकराए, दो घायल

हरिद्वार, 31 जनवरी (हि.स.)। घने कोहरे के कारण हरिद्वार बाइपास पर बड़ा हादसा हो गया। यहां एक के बाद एक पांच वाहन आपस में टकरा गए। हादसा होते ही मौके पर चीख पुकार मच गई। इसमें दो लोग घायल हो गए। हादसे के कारण हाइवे पर लंबा जाम लग गया।

हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने बामुश्किल जाम खुलवाया। हादसा हरिद्वार बाईपास पर ढंडेरी ख्वागजीपुर के सामने हुआ।

देर रात हरिद्वार बाईपास पर ढंडेरी ख्वागजीपुर के सामने गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली खराब हो गई। इस दौरान ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर ट्राली को साइड में खड़ी कर सही कर रहा था। घना कोहरा होने के कारण एक कार सहित चार बड़े वाहन ट्रैक्टर से टकरा गए, जिसमें कार और ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद बाइपास पर जाम लग गया। घटना की जानकारी के बाद सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने बामुश्किल जाम खुलवाया।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/रामानुज

   

सम्बंधित खबर