आयुर्वेद का ज्ञान महर्षि भारद्वाज ने बांटा : विजय विश्वास पंत

--भारद्वाज की जयंती पर निकली शोभायात्रा, संगम पर हुआ गंगा पूजन

प्रयागराज, 31 जनवरी (हि.स.)। यह धर्म और आध्यात्म का क्षेत्र है, यहां के मूल पुरुष महर्षि भारद्वाज हम सबके गौरव हैं। सभ्यता में पहली बार विमान के बारे में उन्होंने दुनिया को जानकारी दी। आयुर्वेद का पृथ्वी पर ज्ञान उन्हीं के द्वारा बांटा गया। आज हम सब उनकी जयंती मना कर गौरवान्वित महसूस करते हैं। आगे भी महर्षि भारद्वाज की जयंती व प्रयागराज को गौरवान्वित करने वाली परम्परा और धूमधाम से मनाई जाएगी।

यह बातें मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत ने प्रयागराज विद्वत परिषद द्वारा आयोजित महर्षि भारद्वाज की जयंती पर सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रयागराज और यहां के तीर्थ व गुरुओं के गौरवों के महिमामंडन के लिए प्रयत्नशील है। इसीलिए भारद्वाज आश्रम का सुंदरीकरण किया जा रहा है।

इस अवसर स्वामी हरिचैतन्य ब्रह्मचारी ने कहा कि प्रयागराज के सबसे बड़े गुरु महर्षि भारद्वाज हैं, इनको नमन करने पर ही प्रयागराज का पुण्य प्राप्त होता है। फलाहारी बाबा ने कहा कि भारद्वाज के यहां सर्वप्रथम राम कथा गायी गई। भगवान राम को यहीं से मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। केंद्रीय गंगा नाथ झा संस्कृत विश्वविद्यालय के निदेशक ललित कुमार त्रिपाठी ने कहा कि महर्षि भारद्वाज ऋग्वेद के छठवें मंडल के रचयिता हैं, संस्कृत के अनेक ग्रन्थों में उनका साहित्य है।

मेलाधिकारी दयानंद प्रसाद में कहा कि प्रयागराज के प्रथम पुरुष भारद्वाज की जयंती मना कर हम सब गौरवान्वित होते हैं। पर्यटन अधिकारी अपराजिता सिंह ने कहा कि आगे भी भरद्वाज जयंती और धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही सरकार मंदिरों में जन सुविधा व अन्य कार्य करा रही है।

कार्यक्रम के संयोजक वीरेन्द्र पाठक ने जयंती पर प्रकाश डाला। संचालन डॉ प्रभाकर त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित की। पुष्पांजलि के पश्चात जगतगुरु रामानुजाचार्य श्रीधराचार्य की अगुवाई में शोभायात्रा निकाली गयी। जो टैगोर टाउन होते हुए अल्लापुर मटियारा रोड के बाद संगम पहुंची। जहां संतो, अधिकारियों और नागरिकों ने गंगा पूजन किया।

पुष्पांजलि यात्रा में शामिल रहने वालों में संत रामगोपाल दास, किन्नर अखाड़ा की पवित्रानन्द गिरी, शांडिल्य महराज, प्रो केबी पाण्डेय, ज्योतिषाचार्य बृजेंद्र मिश्रा, जगत नारायण तिवारी, अभिषेक मिश्रा, आशुतोष शुक्ला, सुधीर द्विवेदी, डॉ प्रमोद शुक्ला, केपी सिंह पूर्व आईजी, आनंद घिल्डियाल, डॉ भगवत पाण्डेय, दिनेश तिवारी आदि प्रमुख थे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर