बंगाल में बदला मौसम, सर्दी नदारत

कोलकाता, 01 फरवरी (हि.स.)। महानगर कोलकाता सहित पूरे राज्य में मौसम में बड़े पैमाने पर बदलाव हुआ है। 24 से 48 घंटे के अंदर तापमान में सात से आठ डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है और ठंड लगभग गायब हो गई है। गुरुवार को मौसम विभाग ने बताया है कि कोलकाता में न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। अभी मंगल-बुधवार तक न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था। इसके अलावा अधिकतम तापमान भी 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है जो सामान्य है। इसकी वजह से ठंड लगभग नदारद हो गई है और मौसम सामान्य हो चला है। हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा, मालदा, मुर्शिदाबाद और झाड़ग्राम के इलाके में भी तापमान 19 डिग्री सेल्सियस से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है जिसके कारण अब ठंड नहीं लग रही है। उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भी मौसम सामान्य होने लगा है। कुल मिलाकर कहें तो बंगाल में अब धीरे-धीरे मौसम सामान्य हो चला है। अभी 24 से 72 घंटे तक इसी तरह का मौसम रहने वाला है। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर