ग्वालियर: सुबह हुई बूंदाबांदी, चार व पांच फरवरी को हो सकती है बारिश

ग्वालियर, 01 फरवरी (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शहर में गुरुवार को सुबह बूंदाबांदी हो गई लेकिन दिन में मौसम लगभग शुष्क रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि चार एवं पांच फरवरी को भी ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

गुरुवार को सुबह बादलों के साथ कोहरा भी छाया रहा। इस दौरान सुबह छह बजे के आसपास छुटपुट बूंदाबांदी भी हुई। सुबह करीब साढ़े आठ बजे के बाद सूरज के दर्शन हुए। हालांकि दिन भर आंशिक बादल छाए रहे लेकिन धूप भी खिली रही। स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह ने बताया कि इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ हिमालय से गुजर रहा है जबकि दूसरा पश्चिमी विक्षोभ तीन फरवरी को आएगा। इसके अलावा राजस्थान में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस वजह से दिन व रात के तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है। शुक्रवार को सुबह कोहरा भी छा सकता है। चार एवं पांच फरवरी को ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है।

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तरह गुरुवार को भी अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा जो औसत से 1.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 5.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 89 और शाम को 66 प्रतिशत दर्ज की गई।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद

   

सम्बंधित खबर