दो बच्चों का पिता गर्लफ्रेंड को लेकर रेलवे ट्रैक पर पहुंचा, प्रेमिका पीछे हटी तो युवक कटा

बाड़मेर, 2 फ़रवरी (हि.स.)। बालोतरा जिले के खेड़ रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार रात शादीशुदा और दो बच्चों का पिता अपनी 20 साल की गर्लफ्रेंड के साथ सुसाइड करने रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। ट्रेन को आते देख गर्लफ्रेंड डरकर पीछे हट गई लेकिन युवक कूद गया। उसकी मौत हो गई।

पचपदरा थाना इंचार्ज लेखराज ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का है। दोनों ने एक साथ जान देने का फैसला किया था। ट्रैक पर भी पहुंचे थे। एक साथ यशवंतपुर-बाड़मेर एक्सप्रेस ट्रेन के सामने कूदने वाले थे लेकिन लड़की डर गई और पीछे हट गई। देर रात ट्रेन के गार्ड युवक का शव और लड़की को बालोतरा स्टेशन लेकर आए। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। लड़की को आरपीएफ के हवाले कर दिया गया है। पचपदरा थाना इलाके के खेड़ गांव में रहने वाले राजू भाट (34) पुत्र भवंरलाल भाट और इसी गांव की लड़की रवीना (20) पुत्री केसनाथ का एक साल से अफेयर चल रहा था। राजू शादीशुदा था, उसके दो बच्चे हैं। लड़की अविवाहित है।

जानकारी के मुताबिक राजू की शादी 15 साल पहले हो गई थी। वह मजदूरी कर अपना परिवार चलाता था। उसके दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा आठ तो दूसरा पांच साल का है। घटना की जानकारी के बाद शुक्रवार सुबह राजू के परिजन पचपदरा थाना पहुंचे। जानकारी में सामने आया कि राजू और रवीना का अफेयर सालभर से चल रहा था। शुक्रवार रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद दोनों आत्महत्या करने खेड़ गांव के पार रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए। जहां पर राजू ने रेल के आगे कूदकर जान दे दी लेकिन रवीना के पीछे हटने से बच गई।

शुक्रवार सुबह राजू के परिजन मोर्चरी पहुंचे और हंगामा कर दिया। राजू के भाई बीरमाराम ने इसे हत्या करार दिया। उसने लड़की और उसके परिजनों पर साजिश रच राजू की हत्या करने और शव को पटरियों पर फेंकने का आरोप लगाया। बीरमाराम ने कहा कि रात साढे ग्यारह बजे आरोपितों ने भाई को मारकर पटरी पर सुला दिया और हादसा बता दिया। उन्होंने पहले भी भाई को जान से मारने की धमकी दी थी और उन्होंने मार डाला। परिजनों ने चेतावनी दी कि जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होगी शव नहीं उठाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर