म.प्र.: लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक शनिवार को

भोपाल, 2 फ़रवरी (हि.स.)। लोकसभा चुनाव को लेकर इस महीने के आखिरी तक प्रदेश कांग्रेस उम्मीदवार घोषित करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक शनिवार को होने जा रही है। बैठक की अध्यक्ष एआईसीसी की ओर से नियुक्त स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष रजनी पाटिल की अध्यक्षता में होगी। इस बैठक में सभी 29 लोकसभा सीटों के दावेदारों के नामों का पैनल बनाया जाएगा।

लोकसभा चुनाव के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने हिंदी भाषी राज्यों का क्लस्टर बनाकर स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया है। इसमें गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली, दमन और दीव और दादरा व नागर हवेली के लिए तीसरी स्क्रीनिंग कमेटी बनाई गई है। रजनी पाटिल को स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, कृष्णा अल्लावुरु और परगट सिंह इसके सदस्य हैं। ये तीनों नेता बैठक में शामिल होंगे। इससे पहले कांग्रेस द्वारा नियुक्त 29 को-ऑर्डिनेटर ने अपने प्रभार के क्षेत्र में आने वाली सभी सात-आठ विधानसभाओं में जाकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बैठकें की हैं। इन बैठकों में संभावित दावेदारों के नामों के पैनल भी दिए जाएंगे। इसके साथ ही जीत-हार के लिए जरूरी फैक्टर्स पर भी चर्चा होगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/मुकेश

   

सम्बंधित खबर